बरेली. सिटी मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री अब जल्द ही अपनी नई पार्टी बनाने वाले हैं. इस संबंध में शुक्रवार को राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ (पंजी.) की बैठक हुई. जिसमें अलंकार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. बैठक में उन्होंने एससी-एसटी एक्ट, यूजीसी एक्ट और बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर पर अपनी बात रखी.

अलंकार ने घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही सवर्ण समाज अपनी नई राजनीतिक पार्टी का गठन करेगा. उन्होंने कहा कि ‘भाजपा के नेता टिकट कटने के डर से जनता के मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं. बांके बिहारी कॉरिडोर का निर्माण नहीं किया जाना चाहिए.’ बैठक के माध्यम से सवर्ण समाज ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों और हितों की अनदेखी की गई, तो वे अपनी राजनीतिक शक्ति के माध्यम से जवाब देंगे.’

इसे भी पढ़ें : किसी व्यक्ति की जाति जन्म से तय होती है, ये न तो धर्म परिवर्तन से बदलती न ही विवाह के बाद – इलाहाबाद हाईकोर्ट

ये छद्म सनातनी सरकार है- अलंकार अग्निहोत्री

बैठक को संबोधित करते हुए अलंकार अने सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने इन कानूनों को काला कानून करार देते हुए कहा कि यदि यूजीसी कानून वापस नहीं लिया गया, तो आगामी चुनावों में कमल का फूल जनता की सबसे बड़ी भूल साबित होगा. उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, यह सरकार छद्म सनातनी सरकार है. देश में लोकतंत्र समाप्त हो चुका है और वर्तमान में कॉर्पोरेट सरकार चलाई जा रही है. अलंकार ने दावा किया कि जिस तरह भाजपा अयोध्या हारी, उसी तरह आगामी समय में काशी, मथुरा और वृन्दावन में भी उनकी हार निश्चित है.