कुंदन कुमार, पटना। बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए सुबह 9 बजे से विधानसभा भवन में वोटिंग जारी है। जदयू मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि, एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट डाल दिया है। महागठबंधन के चार विधायक अभी तक वोट नहीं डाले हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी पांचों सीट पर एनडीए की जीत का दावा किया है।
3 विधायकों से नहीं हो पा रहा कोई संपर्क
बता दें कि कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक ने अभी तक वोट नहीं डाला है। राष्ट्रीय जनता दल से ढाका के विधायक फैसल रहमान अभी तक विधानसभा नहीं पहुंचे हैं। वहीं, इसके अलावा कांग्रेस के बाल्मीकि नगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा और फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास के साथ मनिहारी के मनोहर प्रसाद भी अपने मतो का प्रयोग नहीं किया है। इनमें से दो मनोज विश्वास और सुरेंद्र कुशवाहा से कल रविवार से ही संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं, राजद विधायक फैसल रहमान से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।
तेजस्वी को ध्यान देने की जरूरत- अशोक चौधरी
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने राज्यसभा चुनाव पर कहा कि, NDA की पांचों सीटों पर जीत होगी। यह विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ, दबाव की राजनीति है, एक तरफ वैचारिक लड़ाई है। दबाव वाली लड़ाई में जितना दबाव ले पाते हैं, लेते हैं और फिर नहीं ले पाते तो भाग जाते हैं। तेजस्वी यादव को अपनी राजनीति और अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए।
राज्यसभा चुनाव पर मांझी का बयान
वहीं, केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी ने भी राज्यसभा चुनाव में सभी सीटों पर एनडीए की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि- हमारे पांचों उम्मीदवार उम्मीद से ज्यादा वोट से जीत रहे हैं। वहीं, HAM के राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ने पर मांझी ने कहा, हम नेतृत्व पर विश्वास करते हैं, कहीं न कहीं इसका मुआवज़ा मिलेगा, ऐसा हमें विश्वास है। वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव पर जीतन राम मांझी ने कहा कि, पश्चिम बंगाल चुनाव में हमारी NDA की जीत होगी। ममता दीदी से वहां के गरीब त्रस्त हैं और उनसे छुटकारा चाहते हैं।
दो चरणों में होगा विधानसभा चुनाव
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने कल पश्चिम बंगला समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान किया था। 294 विधानसभा सीटों वाले पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। जबकि 4 मई को परिणाम सामने आएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव के तारीखों का ऐलान किया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

