Ambikapur Rape Murder Case : अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर शहर के महामाया द्वार क्षेत्र में 3 अप्रैल की दरमियानी रात हुई महिला की जघन्य हत्या के मामले में जनता में आक्रोश है. अब तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने से असुरक्षा का भाव बढ़ रहा है. इसी आक्रोश को स्वर देते हुए मंगलवार की शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने सड़क पर उतरकर विशाल कैंडल मार्च निकाला.


तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे लोग
हाथों में मोमबत्तियां और इंसाफ की मांग वाली तख्तियां लिए यह रैली स्थानीय घड़ी चौक से शुरू हुई. इस विरोध प्रदर्शन में महिला सुरक्षा सत्याग्रह के बैनर लिं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए. आमजनों में शहर में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश देखें को मिला.
घटनास्थल पर दी गई श्रद्धांजलि

घड़ी चौक से शुरू हुआ यह मार्च शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सीधे घटनास्थल ‘महामाया द्वार’ पहुंचा. यहां प्रदर्शनकारियों ने मोमबत्तियां जलाकर मृतिका को श्रद्धांजलि अर्पित की. कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के इतने संवेदनशील इलाके में ऐसी वारदात होना और पुलिस का अब तक खाली हाथ रहना, शहर की कानून व्यवस्था की पोल खोलता है. अंबिकापुर जैसे शांत शहर में इस तरह की जघन्य हत्या दिल दहला देने वाली है. जब तक आरोपी पकड़ा नहीं जाता, हमारा विरोध जारी रहेगा.
आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने में जुटी है. हालांकि अब तक कोई आरोपी का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है. पुलिस ने फरार आरोपी की सूचना देने वाले या उसे पकड़ने में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए 5,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है.
उग्र आंदोलन की चेतावनी
इधर विपक्षी दल कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. फिलहाल, पूरे शहर में इस हत्याकांड को लेकर भय और आक्रोश देखने को मिल रहा है.
क्या है मामला ?
कोतवाली थाना इलाके के महामाया मंदिर द्वार के पास 3 अप्रैल (शुक्रवार) को एक महिला का संदिग्ध अवस्था में रक्त रंजित शव बरामद हुई थी. वारदात से शहर में सनसनी फैल गई. पुलिस, एफएसएल और डॉग स्कॉड की टीम घटनास्थल से पहुंची. शुरूआती जांच में गले में धारदार हथियार के निशान मिले और चेहरा कुचला हुआ था. महिला के प्राइवेट पार्ट से प्लास्टिक बॉटल बरामद किया गया था, जो हत्या से पहले रेप की आशंका को गहरा रहा था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौकाने वाला खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चौकाने वाले खुलासे हुए, जिसने रूह कंपा दी. महिला के सीने की 12 पसलियां पूरी तरह टूट चुकी थी. पसली की हड्डियां कई हिस्सों में टूट चुके थे. इससे महिला का फेफड़ा और दिल फट गया था. वहीं सिर में भी तीन हड्डियां टूटी हुई थीं. गले को भी दबाया गया. बताया गया कि चोट के निशान से मालूम पड़ रहा कि महिला के सीने पर चढ़कर काफी दबाव दिया गया है.
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की उम्र 45 वर्ष है और करीब 10 साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी. इसके बाद वह से घर से निकल गई थी. उसका अंबिकापुर के गंगापुर इलाके में किराए का घर है, जहां उसका 25 साल का एक बेटा रहता है.
किराए के घर में प्रेमी भी रहता था साथ
महिला कई महीनों तक अपने घर नहीं जाती थी. वह जब गंगापुर स्थित घर में रहती, तब उसके साथ उसका प्रेमी भी रहता था. प्रेमी खुद को ‘पुष्पा’ नाम से परिचित कराता और अजीब हरकतें करता था. दोनों नशे की हालत में रहते थे और कबाड़ बीनकर गुजारा करते थे. इसी वजह से महिला का बेटा भी उससे दूरी बनाए हुए था.
संस्था ने कराया अंतिम संस्कार
मृतिका का बेटा अकेला था, जिस कारण पुलिस ने अनोखी सोच संस्था को जानकारी दी. इसके बाद महिला का अंतिम संस्कार में संस्था के सदस्यों ने शनिवार को गंगापुर मुक्तिधाम में कराया.
CCTV फुटेज में दिखा आरोपी
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में महिला और आरोपी रात करीब 1 बजे घटना स्थल की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं. महिला अपने प्रेमी के कंधे पर हाथ भी रखी हुई थी. घटनास्थल पर पर्दा लगा था. जिसके पीछे दोनों ने खाना भी खाया था. एक फुटेज में प्रेमी का चेहरा साफ नजर आ रहा है. पुलिस ने उसकी पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में की है, जिसकी तलाश की जा रही है.
पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव ने किया पोस्ट
प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम और अंबिकापुर से विधायक रहे टीएस सिंहदेव ने घटना को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट किया. लिखा कि अंबिकापुर की एक बेटी के साथ दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या कर दी गई. यह हैवानियत दिल्ली के निर्भया कांड की तरह दिल दहला देने वाली है. क्रोध भी है, पीड़ा भी है, और एक गहरा सवाल भी-क्या हमारी बेटियां अब सड़कों पर भी सुरक्षित नहीं?
उन्होंने कहा कि जब शहर का सबसे व्यस्त इलाका भी सुरक्षित नहीं, तो यह सरकार आखिर किस बात का शासन चला रही है? व्यक्तिगत राय में, ऐसे जघन्य अपराधों के लिए मृत्युदंड दिया जाना चाहिए. सिंहदेव ने मांग की है कि आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी हो और सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो. ऐसी सख्त सजा दी जाए जो मिसाल बने.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

