कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे ने हलचल तेज कर दी है। उनके आगमन से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए शाह के दौरे को राज्य की सुरक्षा के लिए मील का पत्थर बताया है।

​गरीबों के आवास और भ्रष्टाचार पर प्रहार

​मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य हर गरीब को पक्का मकान देना है। आवास योजना के तहत सर्वे कराकर जरूरतमंदों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं कोई तकनीकी चूक होती है, तो विधायक स्तर पर हस्तक्षेप कर उसका समाधान कराया जाता है। घूसखोरी के आरोपों पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि रिश्वत मांगने वालों को बख्शा नहीं जाएगा; सबूत मिलते ही गिरफ्तारियां हो रही हैं और भ्रष्टाचारियों की जगह अब जेल में है।

​शाह के दौरे से विपक्ष में खलबली

​अमित शाह के दौरे का जिक्र करते हुए पासवान ने तंज कसा कि उनके बिहार आते ही विपक्षी नेताओं की धड़कनें तेज हो जाती हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि भाई वीरेंद्र समेत तमाम विपक्षी नेताओं में शाह का खौफ साफ दिखता है। उन्होंने इसे राज्य की सुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि सीमांचल के जिलों में घुसपैठ एक गंभीर मुद्दा है।

​सुरक्षा और घुसपैठ पर कड़ा रुख

​किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया जैसे सीमावर्ती इलाकों में नेपाल और बंगाल के रास्ते होने वाली घुसपैठ पर मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री का अधिकारियों के साथ बैठक करना स्वागत योग्य कदम है। तेजस्वी यादव सहित अन्य नेताओं को इस पर राजनीति करने के बजाय गर्व करना चाहिए कि बिहार की सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए ठोस प्रयास हो रहे हैं।