T20 World Cup 2026 : टी20 विश्व कप 2026 अब रोमांचक मोड़ पर है. 21 फरवरी से सुपर 8 की लड़ाई शुरू होने वाली है. 2 ग्रुप में बांटी गई 8 टीमों के बीच होने वाली इस जंग में बढ़िया खेलने वाली टॉप 4 टीमें सेमीफाइनल में एंट्री करेंगी. सुपर 8 की लड़ाई से पहले टीम इंडिया की टेंशन बढ़ी हुई है, क्योंकि ग्रुप स्टेज में भले ही उसने चारों मैच जीते हैं, लेकिन उसका सबसे खतरनाक खिलाड़ी फॉर्म में नहीं है. इसी वजह से उसे झटके पर झटके लग रहे हैं. टीम इंडिया को पहले चार मैचों में 8 बार वो झटका लग चुका है, जिसने उसे सबसे फिसड्डी टीमों में सबसे आगे खड़ा कर दिया है.

टीम इंडिया को 8 बार मिला ये दर्द

अब सवाल ये है कि आखिर कौन सा झटका, जिसने टीम इंडिया को 8 बार दर्द दे दिया है. इस झटके का मतलब खिलाड़ियों के डक पर आउट होने से है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है, जिसमें टीम इंडिया और इटली की टीम नंबर एक पर है, जबकि साउथ अफ्रीका इस लिस्ट में सबसे लकी टीम बनी है.

आखिर क्या हैं ये 8 झटके

एडेन मार्करम की कप्तानी वाली अफ्रीका इकलौती ऐसी टीम है, जिसका एक भी खिलाड़ी अब तक डक यानी जीरो पर आउट नहीं हुआ है, जबकि टीम इंडिया और इटली के बल्लेबाज 8 दफा जीरो पर आउट हो चुके हैं. यही वो 8 झटके हैं, जो सूर्या ब्रिगेड ने पहले चार मैचों में झेले हैं. इसमें सबसे बड़ा रोल अभिषेक शर्मा का है, जो लगातार तीन मैचों में खाता नहीं खोल पाए.

अभिषेक शर्मा लगातार 0 पर आउट

अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप के इतिहास के ऐसे पहले बैटर हैं, जो लगातार तीन दफा डक हुए हैं. सबसे पहले उनका अमेरिका के खिलाफ खाता नहीं खुला, फिर पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ भी यही हाल रहा. हैरानी की बात ये है कि अभिषेक इस एडिशन में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज भी हैं. सुपर 8 से पहले उनके इस खराब फॉर्म ने सभी को टेंशन में डाल रखा है.

अगर आगे भी अभिषेक का यही हाल रहा तो टीम इंडिया सुपर 8 में फंस सकती है और खिताब जीतने का सपना टूट सकता है. वहीं अफ्रीकी टीम का कोई भी बैटर जीरो पर आउट नहीं हुआ है. डेविड मिलर तो आउट ही नहीं हुए हैं, वो लगातार तीन मैचों में टीम को जिताकर नाबाद लौटे हैं.