कुंदन कुमार, पटना। राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के बाद मोकामा से जदयू विधायक अनंत वापस भारी सुरक्षा के बीच बेऊर जेल के लिए रवाना हो गए। हालांकि जेल रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, वह जल्द ही जेल से बाहर आएंगे। साथ ही कहा कि, अगर नीतीश नहीं रहेंगे तो हम अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। हमारा बाल-बच्चा चुनावी मैदान में उतरेगा।

निशांत को सीएम बनाने पर कही ये बात

वहीं, निशांत कुमार को राजनीति में लाने के नीतीश कुमार के फैसल का अनंत सिंह ने स्वागत किया और कहा कि, हम लोग तो पहले से कह रहे थे कि निशांत को राजनीति के आना चाहिए। वहीं, जब उनसे यह पूछा गाय कि क्या आप निशांत को मुख्यमंत्री बनाइएगा, तो इसपर उन्होंने कहा कि, यह सब नीतीश कुमार ही तय करेंगे। साथ ही जब उनसे यह पूछा गया कि क्या आपको बीजेपी का मुख्यमंत्री स्वीकार होगा? तो अनंत सिंह ने कहा कि, हा हमकों सब स्वीकार है।

कोर्ट से मिली थी अनुमति

बता दें कि राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए अनंत सिंह को कोर्ट से अनुमति मिली थी, जिसके बाद वह वोटिंग करने के लिए विधानसभा भवन पहुंचे थे। वोटिंग के बाद सुरक्षा के बीच वह वापस बेऊर जेल के लिए रवाना हो गए। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान हुए दुलारचंद हत्याकांड मामले में वह जेल में बंद हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

चुनाव के समय अनंत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था कि, अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बने तो वह विधायक भी नहीं रहेंगे। वहीं, अब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर उन्होंने इस बात का ऐलान कर दिया है कि अगला विधानसभा का चुनाव वह नहीं लड़ेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि अब उनकी इस विरासत को उनके बेटे संभालेंगे।

ये भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव के लिए तेजस्वी यादव ने किया मतदान, राजद उम्मीदवार के जीत का किया दावा, कांग्रेस के 3 विधायक अभी भी लापता