पटना। बिहार की राजनीति और अपराध के गलियारों में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ गई है। मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह और सोनू गैंग के बीच की अदावत अब वीडियो वार तक पहुंच गई है। हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में गैंगस्टर सोनू ने अनंत सिंह के एक समर्थक को न केवल जान से मारने की धमकी दी, बल्कि सीधे तौर पर बाहुबली विधायक को भी चुनौती दे डाली।

​वीडियो में गाली-गलौज

​करीब 4 मिनट के इस वीडियो में सोनू गैंग का सरगना, महेंद्रपुर निवासी शिवरतन कुमार पर भड़कता नजर आ रहा है। दरअसल, शिवरतन ने सोनू पर 38 हजार रुपये बकाया होने का आरोप लगाया था। इसी बात से नाराज सोनू ने वीडियो में शिवरतन को भद्दी गालियां दीं। वीडियो में जब शिवरतन अपनी मूंछों पर ताव देता दिखा, तो सोनू ने तंज कसते हुए कहा, मूंछ से हाथ हटा लो, जो तुम्हारा मूंछ वाला (अनंत सिंह) है, उसे भी हम भगा चुके हैं।

​अनंत सिंह की ताकत को ललकारा

​सोनू ने शिवरतन को चेतावनी देते हुए कहा कि अनंत सिंह उसे नहीं बचा पाएंगे। उसने नौरंगा गोलीकांड का जिक्र करते हुए दावा किया कि अनंत सिंह उसके घर आए थे, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। सोनू ने धमकी भरे लहजे में कहा कि जो उससे गद्दारी करता है, उसका नाम उसकी हिट लिस्ट में होता है। उसने यहां तक कह दिया कि अगली बार मिलने पर वह शिवरतन के हाथ-पैर तोड़ देगा।

​क्या था नौरंगा गोलीकांड?

​विवाद की जड़ 22 जनवरी 2025 को हुआ नौरंगा गोलीकांड है। बताया जाता है कि एक ईंट-भट्ठे के मुंशी के घर पर ताला लगाने को लेकर विवाद हुआ था। अनंत सिंह जब इस मामले में पंचायती करने पहुंचे, तो सोनू-मोनू गैंग के साथ उनकी भिड़ंत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, उस दौरान करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें दोनों तरफ से जमकर हथियार चले थे।

​जेल में बंद हैं छोटे सरकार

​मोकामा से पांचवीं बार विधायक चुने गए अनंत सिंह फिलहाल दुलारचंद हत्याकांड के आरोप में बेऊर जेल में बंद हैं। छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह का इस बार चुनाव जीतना उनकी सियासी पकड़ को दर्शाता है, लेकिन सोनू गैंग की हालिया बयानबाजी ने क्षेत्र में गैंगवार की आशंका को फिर से बढ़ा दिया है।