कुंदन कुमार, पटना। मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह आज सोमवार (23 मार्च) को जेल से बाहर निकलने वाले हैं। अनंत सिंह के जेल से बाहर आने पर उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। खबर के मुताबिक आज दोपहर 2 बजे वह जेल से बाहर आने के बाद अपने सरकारी आवास पर पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत को लेकर समर्थकों द्वारा भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
स्वागत में भोज की तैयारी
अनंत सिंह के स्वागत में बड़े पैमाने पर भोज का आयोजन किया गया है। वहीं, 3 लाख के करीब रसगुल्ले तैयार किए गए हैं। भोज के लिए पनीर की विभिन्न डिश, दाल, मिक्स वेज, पूड़ी-रोटी, लिट्टी, कचौड़ी और पुलाव जैसे व्यंजन बनाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में 10 से 15 हजार समर्थकों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। वहीं कल मंगलवार, 24 मार्च को अनंत सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। इस दौरान वे बाढ़ से बड़हिया महारानी स्थान मंदिर तक वाया मोकामा सड़क मार्ग से जाएंगे।
समर्थकों में खुशी की लहर
अनंत सिंह के आगमन को लेकर उनके आवास पर कार्यकर्ता ने जश्न की तैयारी शुरू कर दी है। कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। लल्लू राम डॉट कॉम से बात करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि, आज हम लोग काफी खुश है। आज हमारे नेता जेल से बाहर आ रहे है और यही कारण है कि आज जश्न की तैयारी हमलोग कर रहे हैं।
19 मार्च को मिली थी जमानत
गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में अनंत सिंह पटना हाईकोर्ट से बीते 19 मार्च गुरुवार को ही जमानत मिल गई थी। हालांकि बेल बॉन्ड नहीं भरे जाने और तीन दिन कोर्ट के बंद होने की वजह से वह सोमवार को कोर्ट के खुलते ही बेल बॉन्ड भरे जाने के बाद वह जेल से बाहर आ जाएंगे।
दुलारचंद यादव हत्याकांड में मिली है जमानत
बता दें कि अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में जेल में बंद थे। जस्टिस आर.पी. मिश्रा ने सभी पक्षों को सुनने के बाद उन्हें इस मामले में जमानत दी। दरअसल पूरा मामला बिहार में हुए विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान का है, जब 30 अक्टूबर को मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के बसावनचक में राजद नेता और जनसुराज के प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगे थे। उन्हें पटना पुलिस ने इस मामले में 1 नंवबर की रात उनके आवास से गिरफ्तार किया था। वहीं, 2 नवंबर को कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें बेऊर जेल में भेज दिया था।
….तो रद्द हो जाएगी जमानत
कोर्ट ने अनंत सिंह को जमानत देते हुए कुछ शर्त भी रखी है। कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में यह कहा है कि, यदि अनंत सिंह जमानत पर रहने के दौरान गवाहों को प्रभावित या फिर धमकाने की कोशिश करते हैं, तो तत्काल उनकी जमानत को रद्द कर दिया जाएगा। इसके साथ ही कोर्ट ने उन्हें सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
ये भी पढ़ें- Bihar Board Result 2026 Today: बिहार बोर्ड आज जारी करेगा इंटर का रिजल्ट, छात्र यहां आसानी से देख सकेंगे अपना परिणाम
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

