Anant Singh: मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अंनत सिंह आज मंगलवार को बिहार विधानमंडल बजट सत्र के दूसरे दिन विधायक पद की शपथ लेंगे। अंनत सिंह फिलहाल दुलारचंद यादव हत्याकांड में बेऊर जेल में बंद हैं, भारी सुरक्षा के बीच आज सुबह 11 बजे उन्हें बेऊर जेल से बिहार विधानसभा लाया जाएगा, जहां राज्यपाल उन्हें विधायक पद की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण के लिए उन्हें पटना सिविल कोर्ट से अनुमति मिल गई है।

शपथ लेने के बाद वापस जेल जाएंगे अंनत सिंह

विधायक पद की शपथ लेने के बाद उन्हें फिर से भारी सुरक्षा के बीच न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया जाएगा। बता दें कि मामले में उन्होंने सिविल कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने 24 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। हालांकि जिस पीठ में मामले की सुनवाई के लिए लिस्टिंग हुई थी, उस कोर्ट के जज ने सुनवाई से इंकार कर दिया। अब मामले को दूसरे कोर्ट में सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया चल रही है।

जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल बिहार चुनाव के दौरान 30 अक्टूबर 2025 को मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के बसावनचक में राजद नेता और जनसुराज के प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की हत्या की गई थी। हत्या का आरोप अनंत सिंह पर लगा, जिस मामले में उन्हें 1 नंवबर की रात गिरफ्तार किया गया था। 2 नवंबर को कोर्ट में पेश करने के बाद बेऊर जेल भेज दिया गया।

मामले में अनंत सिंह पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दुलारचंद के परिजनों ने आरोप लगाया था कि अनंत सिंह के समर्थकों ने पहले गोली चलाई और फिर गाड़ी चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी कुचलने से मौत होने की बात सामने आई थी। मामले में कुल 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

ये भी पढ़ें- Bihar Budget Session 2026: विधानसभा में आज पेश होगा बिहार का आम बजट, युवाओं और महिलाओं के लिए खुल सकता है विकास का पिटारा