T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 के खिताब जीतने के बाद जहां भारतीय टीम जश्न में डूबी हुई है, वहीं इस बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर कार्रवाई की है। फाइनल मुकाबले के दौरान न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल के साथ हुई मैदान पर हुई घटना को लेकर आईसीसी ने अर्शदीप सिंह पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और उन्हें एक डिमेरिट अंक भी दिया गया है।

दरअसल, टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 से अधिक रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए।

इसी दौरान बल्लेबाजी के लिए आए डेरिल मिचेल और गेंदबाजी कर रहे अर्शदीप सिंह के बीच मैदान पर तनातनी देखने को मिली। अर्शदीप की एक गेंद को मिचेल ने सीधे गेंदबाज की ओर खेला। इसी बीच मिचेल कुछ पल के लिए क्रीज से बाहर नजर आए। इस दौरान अर्शदीप ने गेंद उठाकर वापस उनकी ओर फेंक दी, जो जाकर मिचेल को लग गई। इस घटना के बाद मिचेल नाराज दिखाई दिए और कुछ देर के लिए मैदान पर माहौल गर्म हो गया।

मामले को शांत कराने के लिए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मिचेल के पास पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। वहीं अंपायरों ने भी अर्शदीप सिंह को समझाइश देते हुए चेतावनी दी।

मैच खत्म होने के बाद भारतीय टीम ने यह मुकाबला 96 रन से जीतकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद अर्शदीप सिंह खुद डेरिल मिचेल के पास पहुंचे और इस घटना के लिए उनसे माफी भी मांगी।

अब इस पूरे मामले पर आईसीसी ने संज्ञान लेते हुए अर्शदीप सिंह पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। आईसीसी ने अपने बयान में इस हरकत को अनुचित और खतरनाक करार दिया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H