IPL 2026: आईपीएल 2026 में जहां एक ओर पंजाब किंग्स (PBKS) का प्रदर्शन शानदार रहा है, वहीं टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का खराब फॉर्म चिंता का कारण बन गया है। 18 करोड़ रुपये में रिटेन किए गए अर्शदीप इस सीजन अब तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब ने अब तक खेले गए 4 मुकाबलों में से 3 में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द रहा। टीम भले ही जीत की लय में हो, लेकिन गेंदबाजी में अर्शदीप का फॉर्म टीम मैनेजमेंट के लिए सिरदर्द बना हुआ है।

चार मैच में सिर्फ दो विकेट

अर्शदीप सिंह ने इस सीजन अब तक खेले गए 4 मैचों में सिर्फ 2 विकेट हासिल किए हैं। ये दोनों विकेट भी उन्हें आज सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबले में मिले। हालांकि इस मैच में भी वह काफी महंगे साबित हुए और अपने 4 ओवर में 50 रन लुटा बैठे।

इससे पहले के मुकाबलों में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 2 ओवर में 16 रन, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 4 ओवर में 41 रन और गुजरात के खिलाफ 4 ओवर में 42 रन खर्च किए, लेकिन इन मैचों में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला।

एक ओवर में लुटाए 24 रन

आज सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में अर्शदीप ने गेंदबाजी की शुरुआत की, लेकिन पावरप्ले में ही लय खोते नजर आए। उन्होंने शुरुआती 2 ओवर में 33 रन दिए और कुल 6 वाइड गेंदें फेंकीं। इस दौरान अभिषेक शर्मा ने उनके ओवर में 3 चौके और 2 छक्के जड़ दिए।

अर्शदीप का तीसरा ओवर बेहद महंगा साबित हुआ, जिसमें उन्होंने 24 रन खर्च किए, जिसमें 4 रन वाइड से आए। लगातार तीन वाइड गेंदें फेंकना उनकी लय बिगड़ने का साफ संकेत था।

पावरप्ले में नहीं मिल रहे विकेट

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि अर्शदीप सिंह पावरप्ले में विकेट लेने में नाकाम रहे हैं। पिछले 10 आईपीएल मैचों में उन्होंने पावरप्ले में 20 ओवर गेंदबाजी की है, जिसमें उन्होंने 10.8 की इकॉनमी से 216 रन खर्च किए हैं और एक भी विकेट हासिल नहीं किया है।

नई गेंद से विकेट निकालने की उनकी पहचान रही है, लेकिन मौजूदा फॉर्म में वह इस भूमिका को निभाने में संघर्ष कर रहे हैं। आने वाले मुकाबलों में पंजाब किंग्स को अर्शदीप से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी, क्योंकि टीम की गेंदबाजी को संतुलन देने के लिए उनका फॉर्म में लौटना बेहद जरूरी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H