Bihar News: बिहार में बीते 5 अप्रैल 2026 को शराबबंदी को पूरे 10 साल हो गए। शराबबंदी के 10 साल होने के बाद से तेजस्वी यादव लगातार इस कानून को लेकर सवाल उठा रहे हैं और बिहार सरकार पर हमलावर हैं। तेजस्वी द्वारा शराबबंदी को लेकर सवाल उठाए जाने पर जदयू नेता और मंत्री अशोक चौधरी की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।
धूर्त लोग तोड़ रहे हैं शराबबंदी- अशोक चौधरी
अशोक चौधरी ने कहा कि, शराब बंदी लागू है, लेकिन धूर्त लोग इसे तोड़ रहे हैं। इसमें समीक्षा की क्या जरूरत? उन्होंने कहा कि, दहेज एक्ट टनाटन, SC-ST एक्ट टनाटन, आर्म्स एक्ट बना तो क्या रूक गया? लोग फेक हथियार लेकर नहीं घूम रहे हैं क्या? अशोक चौधरी ने आगे कहा कि, क्या SC-ST एक्ट में एक्सटॉर्शन (जबरन पैसे या फायदा लेना) खत्म हो गया। वे क्यों नहीं कहते हैं कि SC-ST एक्ट और दहेज एक्ट की समीक्षा होनी चाहिए।
शराबबंदी कानून पर लगातार सवाल उठा रहे हैं तेजस्वी
शराबबंदी कानून को लेकर तेजस्वी यादव ने आज भी सवाल उठाया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- शराबबंदी लागू होने के 10 वर्षों बाद बिहार में 11 लाख केस दर्ज कर 16 लाख से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक 5 करोड़ लीटर से अधिक शराब बरामद की गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, विगत 5 साल में 2 करोड़ लीटर से अधिक शराब जब्त की गई है यानि प्रतिदिन औसतन 11 हजार लीटर से अधिक। बिहार पुलिस के अपने आंकड़ों के अनुसार 2026 में औसतन 3 लाख 70 हजार 684 लीटर प्रति महीने अवैध शराब बरामद की गई है यानि 12,356 लीटर प्रतिदिन।
हर दिन 1.70 लाख लीटर से अधिक की खपत
तेजस्वी ने कहा कि, यह तो सिर्फ दिखावटी जब्त शराब है लेकिन जमीनी सच्चाई के अनुसार बिहार में प्रतिदिन शराब की खपत 1 लाख 70 हज़ार लीटर से अधिक की है। बिहार सरकार के मुताबिक 2026 में 18 प्रतिशत अधिक शराब बरामद की गई यानि पुलिस के दकियानुसी आंकड़ों के बावजूद भी बरामदगी में 18% का उछाल है।
उन्होंने कहा कि, आप कल्पना करिए कि वास्तविकता में बिहार में शराब की उपलब्धता कितनी सहज और सरल है? सरकार यह क्यों नहीं बताती कि बिहार की सीमा में करोड़ो लीटर शराब कब, कैसे, क्यों और किसके सहयोग से आ रही है? कोई पैराशूट से तो गिराकर जाता है नहीं? सरकार जब्त की बजाय खपत के भी आंकड़े सार्वजनिक करे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि, आज ये शराबबंदी के नाम पर सुधारक बनने का स्वांग कर रहे है लेकिन यथार्थ यह है कि इसके नाम पर इन्होंने संस्थागत भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर अफसरशाही को बेलगाम, भ्रष्ट, आरामपरस्त और तानाशाह बनाया है।
नशे में घर पहुंचा चौथी कक्षा का छात्र
बेगूसराय में आज कक्षा चौथी का एक छात्र शराब के नशे में घर पहुंचा, इसकी जानकारी जब पुलिस को हुई तो उसने स्कूल में छापेमारी की जहां, से उसे भारी मात्री में अंग्रेजी शराब बरामद हुआ। तेजस्वी ने इस घटना का जिक्र भी सोशल मीडिया पर किया। उन्होंने एक्स पर लिखा- चौथी कक्षा का छात्र स्कूल में रखी शराब पीकर नशे में घर पहुंच गया। बिहार में शराबबंदी का काला, घिनौना और डरावना सच देखिए। ये नया बिहार है जहाँ विद्या के मंदिर शराब का गोदाम मिला है और स्कूल शराब की तस्करी के अड्डे बन गए हैं, जहाँ बिहार के नौनिहाल नशे के लिए प्रेरित किये जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- फैसल रहमान ने ढाका एसडीएच में ब्लड स्टोरेज यूनिट का किया शुभारंभ, खून के लिए अब मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा मोतिहारी
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

