कुंदन कुमार/ पटना। बिहार सरकार के मंत्री और दिग्गज नेता अशोक चौधरी ने महिला आरक्षण और राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन की सराहना करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

​महिला आरक्षण पर प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक कदम

​अशोक चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला आरक्षण संबंधी बयान का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण का महायज्ञ है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों में इस पर केवल चर्चाएं होती थीं लेकिन इसे धरातल पर उतारने की ताकत किसी में नहीं थी। प्रधानमंत्री ने विशेष सत्र बुलाकर यह साबित कर दिया कि वे महिलाओं को उनका हक देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लंबे समय से इसके पक्षधर रहे हैं जिससे इस मुहिम को और मजबूती मिलेगी।

​सुरक्षा विवाद और लालू परिवार पर तंज

​मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर गृह विभाग द्वारा जारी पत्र पर मचे बवाल को चौधरी ने अनावश्यक बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों का पालन करना प्रशासन का काम है। इसी क्रम में उन्होंने लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब उनके पिता (लालू यादव) सत्ता से हटे थे तब वे Z+ सुरक्षा पाने के लिए हर जगह गुहार लगाते फिरते थे।

​शराबबंदी और विपक्ष के सवाल

​तेजस्वी यादव द्वारा शराबबंदी कानून पर उठाए जा रहे सवालों पर मंत्री ने कहा कि विपक्ष का काम केवल भ्रम फैलाना है। वहीं नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और 10 अप्रैल को इस्तीफे की अटकलों को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया।

​निशांत कुमार और भविष्य की राजनीति

​निशांत कुमार की सक्रियता पर उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं और नेताओं की सामूहिक इच्छा थी। उनके आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और उनके नेतृत्व में भविष्य की राजनीति और भी बेहतर और प्रभावी होगी।