सोनू वर्मा, नूंह। नूंह पुलिस ने फरार एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग दो साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुस्तफा को गिरफ्तार किया है । आरोपी मुस्तफा पुत्र कमाल निवासी गांव रानिका थाना सदर नूंह हत्या के एक मामलें में वांछित चल रहा था ।

यह मामला 18 अक्टूबर 2024 थाना सदर नूंह में दर्ज हुआ था। जिसमें शिकायतकर्ता सहाबुदीन पुत्र महमूदा ने आरोप लगाया था कि 17 अक्टूबर 2024 को सिंचाई के दौरान गांव रानिका के 17 नामजद आरोपियों ने उस पर हमला कर मोबाइल छीन लिया, अपहरण कर बंधक बनाया तथा फरसा, लाठी-डंडों और सरियों से पीटकर गंभीर चोटें पहुंचाईं।

घायल सहाबुदीन को पुलिस की मदद से सीएचसी नूंह और बाद में शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ रेफर किया गया था । मामलें में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत थाना सदर नूंह में मुकदमा दर्ज किया गया था ।

घायल व्यक्ति की बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके चलते मामला हत्या से जुड़ गया । इस मामलें में मुख्य आरोपी मुस्तफा लंबे समय से फरार चल रहा था । गिरफ्तारी न होने पर आरोपी मुस्तफा पर पुलिस महानिदेशक हरियाणा द्वारा दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस महानिदेशक हरियाणा की ओर से घोषित इनामी आरोपी मुस्तफा को विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना सदर नूंह पुलिस के हवाले किया गया है । जिसे आज नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा ।

फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी है और किसी भी वांछित अपराधी व आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।फोटो कैप्शन/2 साल से फरार 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश गिरफ्तार।