Assam Assembly Elections-2026: असम विधानसभा चुनाव-2026 से पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। असम सरकार में मंत्री रहीं नंदिता गरलोसा (Nandita Garlosa) ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। हिमंता सरकार की मंत्री का इस चुनाव में पार्टी ने टिकट काट दिया था। इससे नंदिता गरलोसा नाराजड चल रहीं थीं। अब इस दिग्गज नेता ने कमल छोड़ ‘हाथ’ का साथ थाम लिया। कांग्रेस आज उन्हें हाफलोंग सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित करेगी।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) महासचिव निर्मल लंगथासा की उपस्थिति में नंदिता गरलोसा कांग्रेस में शामिल हुईं। कांग्रेस प्रदेश महासचिव ने कहा कि हमें यह घोषणा करते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि नंदिता गरलोसा कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गई हैं। पिछले 5 वर्षों से वो दीमा हसाओ की आवाज रही हैं और वो हमेशा अपने विश्वासों और सिद्धांतों पर दृढ़ता से कायम रही हैं।

लंगथासा ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी में उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ी क्योंकि हिमंता बिस्वा सरमा को आदिवासियों की जमीनें बड़ी कंपनियों को बेचने में ही दिलचस्पी है। निर्मल लंगथासा ने आगे कहा कि कांग्रेस कल उन्हें हाफलोंग सीट से अपना उम्मीदवार घोषित करेगी। इस संबंध में सभी औपचारिकताएं शीघ्र ही पूरी कर ली जाएंगी। बता दें कि गरलोसा असम सरकार में खेल और युवा कल्याण मंत्री थीं और वो मौजूदा विधानसभा में हाफलोंग सीट का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। इस बार बीजेपी ने उनकी जगह नए चेहरे रुपाली लांगथासा को टिकट दिया, जिसके बाद गरलोसा ने बीजेपी छोड़ दी।

मुख्यमंत्री हिमंता ने मनाने की कोशिश की

दरअसल रविवार को ही मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने हाफलोंग जाकर नंदिता गरलोसा से उनके घर पर मुलाकात कर मनाने की कोशिश की थी। हालांकि यह बैठक बेनतीजा रही। सीएम सरमा से मुलाकात के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाम लिया।

नाराज पार्टी नेताओं को मनाने में जुटे सीएम हिमंता और प्रदेश अध्यक्ष

असम में बीजेपी के भीतर नेताओं की नाराजगी सामने आने लगी है। पार्टी टिकट से वंचित कई मौजूदा विधायक और दावेदार निर्दलीय चुनाव लड़ने की धमकी दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस स्थिति को संभालने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया खुद आगे आकर नाराज नेताओं को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। दरअसल, हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा के बीजेपी में शामिल होने के बाद बोरदोलोई को दिसपुर सीट से बोरा को बिहपुरिया सीट से पार्टी टिकट दिए गया है। इस फैसले से पार्टी के कई पुराने दावेदारों में नाराजगी बढ़ गई है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m