Assam Vidhan Sabha Chunav-2026 Voting Live Update: असम की 126 सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान जारी। शुरुआती दो घंटे यानी सुबह 9 बजे तक असम में 18% मतदान हो चुका है। असम में 126 सीट पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।  जिनमें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा (Himanta Biswa Sarma), प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई (Gaurav Gogoi), नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, राइजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद (एजेपी) अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई शामिल हैं। असम में बीजेपी हिमंत बिस्व सरमा के सहारे लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दांव खेल रही है।

वोटिंग से पहले असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने अपने घर पर विशेष पूजा अर्चना की और भगवान से आशीर्वाद मांगा। पूजा करने के बाद असम मुख्यमंत्री मतदान करने पहुंचे।

हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने घर पूजा करने का एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि प्रभु का आशीर्वाद और जनता के विश्वास का संकल्प लेकर, असम के उज्ज्वल भविष्य की ओर। इससे पहले, उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, ‘आज असम में मतदान हो रहा है। एक बेहतर असम के निर्माण की दिशा में हर आवाज और हर वोट मायने रखता है। लोकतंत्र के इस पर्व के अवसर पर मैं सभी से आग्रह करता हूं कि आप बड़ी संख्या में बाहर निकलें और मतदान करें, ताकि लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके और असम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।

असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कामाख्या मंदिर में की पूजा, पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा भी साथ

असम के CM और जालुकबाड़ी से उम्मीदवार हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनकी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा भी उनके साथ हैं।

 बीमार मां के साथ वोट डालने पहुंचे गौरव गोगोई

असम चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई (Gaurav Gogoi) ने अपना वोट डाला। वह जोरहाट के DCB गर्ल्स हाई स्कूल में बने एक पोलिंग बूथ पर अपना वोट डालने पहुंचे थे। वोट देने के बाद उन्होंने कहा कि आज असम के लिए एक अहम दिन है। निजी तौर पर, मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि आज मेरी मां भी यहां वोट डालने आई हैं। स्वास्थ्य कारणों से वे लोकसभा चुनावों के दौरान वोट नहीं डाल पाई थीं। आज उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया है।

असम में शांतिपूर्ण मतदान जारी

असम चुनाव 2026 के लिए AGP सांसद फणी भूषण चौधरी ने बोंगाईगांव के बिरझोरा गर्ल्स हाई स्कूल में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया जारी है। हो सकता है कि कुछ छोटी-मोटी दिक्कतें हों, जो चुनावों में आम बात है, लेकिन कुल मिलाकर, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है।

कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 उम्मीदवार उतारे

बता दें कि असम की 35 जिलों में 31,490 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। कुल 2.50 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं, जिनमें 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं। कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 90 सीट पर चुनाव लड़ रही है। एआईयूडीएफ 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि राजग की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) क्रमशः 26 और 11 सीटों पर चुनाव मैदान में हैं। विपक्षी खेमे में राइजोर दल 13 सीटों पर, असम जातीय परिषद 10 सीटों पर, माकपा तीन सीटों पर और एपीएचएलसी दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य दलों में आप 18 सीटों पर, यूपीपीएल (18), तृणमूल कांग्रेस (22), झामुमो 16 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m