मनेंद्र पटेल, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पांच साल की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरा मामला उतई थाना क्षेत्र के बंजारीपारा का है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बच्ची सुबह 11 बजे स्कूल से आने के बाद अपने दादी से पैसे लेकर दुकान गई थी, लेकिन 2 घंटे बाद भी वापस नहीं लौटी। फिर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों ने कुएं के किनारे खंडहर नुमा घर के पास झाड़ियों में अचानक बोरी को हिलते डूलते देखा। बोरी खोलकर देखा तो बच्ची का मुंह तकिया कवर से बंधा था। बच्ची काफी डरी सहमी हुई थी। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वर्तमान में बच्ची स्वस्थ है। बोरी में इस हालत में मिलने की वजह अभी सामने नहीं आ पाई है।

जानकारी के मुताबिक, 40 वर्षीय आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू शराब के नशे में बच्ची को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया था। बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया है। बेहोश होने पर बच्ची को बोरे में बांधकर घर के पास ही झाड़ियों में फेंक दिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। संदेही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी के घर से पुलिस को कई सबूत मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।