​औरंगाबाद। होली के उल्लास के बीच कुटुंबा थाना क्षेत्र के बिशुनपुर खैरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके को स्तब्ध कर दिया है। 25 वर्षीय निक्की कुमारी का शव उसके ससुराल के बरामदे में मिला। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

​शादी के दो साल बाद ही उजड़ा सुहाग

​निक्की की शादी 26 अप्रैल 2024 को अमित कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी। भाई अक्षय कुमार के अनुसार, शुरुआती दिनों के बाद ही ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। छोटी-छोटी बातों पर सास सविता देवी से विवाद होने लगा और अक्सर दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। हालांकि, मृतका का पति राजस्थान में निजी नौकरी करता है और उससे निक्की के संबंध अच्छे बताए जा रहे हैं।

​घटनास्थल पर संदिग्ध परिस्थितियां

​ससुराल पक्ष का दावा है कि निक्की ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, जिसे खिड़की तोड़कर निकाला गया। लेकिन जब मायके वाले पहुंचे, तो निक्की का शव बरामदे में पड़ा था और शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों का आरोप है कि साक्ष्यों को मिटाने के लिए आत्महत्या का नाटक रचा गया है।

​पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

​सूचना मिलते ही कुटुंबा थाना अध्यक्ष इमरान आलम दलबल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर रामेश्वर महतो और सास सविता देवी को गिरफ्तार कर लिया है। घर के अन्य सदस्य फिलहाल फरार हैं।
​थाना अध्यक्ष ने बताया कि एफएसएल (FSL) टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।