विजय कुमार, जमुई। जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला है, जहां टाउन थाना क्षेत्र के लखन धनामा गांव स्थित जखराज स्थान के पास बदमाशों ने दिनदहाड़े आज मंगलवार की दोपहर करीब 1 बजे आटो चालक की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान लखन धनामा गांव निवासी स्व: बैजनाथ यादव के पुत्र अशोक यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों में भय का माहौल

घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल हो गया। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अमरेंद्र समेत पुलिस पदाधिकारी पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। पुलिस ने मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया। इस दौरान घटना को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने आक्रोश जताया और मौके पर वरीय पदाधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

घटना के कारणों का पता नहीं

अपराधियों ने आटो चालक अशोक यादव को क्यों गोली मारी? इसका पता अभी तक नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी में जुटी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार चार बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। फायरिंग करने के बाद सभी अपराधी मंझवे की ओर फरार हो गए।

बाइक सवार 4 अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम

परिजनों ने बताया कि अशोक यादव करीब 20 वर्षों से आटो चला रहे थे। इस दौरान रंगपुर मुसहरी से आटो पर छह लोगों को लेकर जमुई जा रहे थे। इसी दौरान जखराज स्थान के पास दो बाइक पर सवार चार युवक आए, जिनमें से एक युवक द्वारा अचानक ताबड़तोड़ अशोक यादव के सिर और मुंह में गोली मार दी गई। घटना के बाद सभी अपराधी फरार हो गए।

परिजनों का कहना है कि अशोक यादव का किसी से कोई दुश्मनी नहीं था। घटना के वक़्त आटो पर बैठे पंकज मांझी ने बताया कि, जखराज स्थान के पास आटो चालक द्वारा उन्हें बोतल में पानी लाने के लिए कहा गया था। जैसे ही वे चापाकल से पानी भरने लगे तभी दो बाइक पर सवार चार अपराधी आए और अचानक चालक को ताबड़तोड़ गोली मार दी गई। चार लोगों में से दो का मुंह गमछा से ढंका हुआ था।

एसपी ने कही गिरफ्तारी की बात

इधर सूचना के बाद जमुई के पूर्व मंत्री विजय प्रकाश घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस के कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। दिनदहाड़े हथियार लेकर घूम रहे हैं और हत्या कर रहे हैं। घटना के तीन-चार घंटा होने के बावजूद कोई भी पुलिस के वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे हैं और शव उसी अवस्था में अब आटो पर ही लटका हुआ है। अंत में उन्होंने एसपी से फोन पर बात कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी करने की बात कही।

ये भी पढ़ें- जमुई: पिता के साथ रोज टहलने जाता था बेटा, नागी डैम में दोनों का शव मिलने से सनसनी, हत्या या फिर कुछ और?