कुरुक्षेत्र। हरियाणा के प्रतिष्ठित संस्थान राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) कुरुक्षेत्र से एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सिविल इंजीनियरिंग विभाग के एक तृतीय वर्ष के छात्र का शव उसके हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक छात्र की पहचान प्रियांशु शर्मा के रूप में हुई है, जो बीटेक (सिविल इंजीनियरिंग) का छात्र था। वह मूल रूप से हरियाणा के सिरसा जिले के शेरपुरा गांवका रहने वाला था। प्रियांशु की मौत की खबर से संस्थान और उसके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मित्र को फोन कर बुलाया था कमरे पर

पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच प्रियांशु ने अपने एक मित्र को फोन किया था। उसने मित्र से रात को अपने कमरे पर आने को कहा और यह भी बताया था कि उसके कमरे का दरवाजा खुला रहेगा।

हालांकि, जब उसका दोस्त रात करीब 11:15 बजे हॉस्टल पहुंचा, तो स्थिति वैसी नहीं थी जैसा प्रियांशु ने बताया था। उसने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दोस्त ने कई बार आवाज दी और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

खिड़की से देखने पर हुआ खुलासा

शक होने पर दोस्त ने तुरंत पास के कमरों में रहने वाले अन्य छात्रों को बुलाया। जब छात्रों ने कमरे के पीछे की खुली खिड़की से झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए, प्रियांशु पंखे से लटका हुआ नजर आया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और संस्थान प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर छात्र को नीचे उतारा।

जांच जारी, सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।घटनास्थल और कमरे की गहन तलाशी ली गई, लेकिन पुलिस को वहां से **कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शुरूआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन इसके पीछे की असली वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है।

पुलिस का बयान

मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। छात्र के मोबाइल कॉल डिटेल्स और उसके दोस्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि वह किसी मानसिक तनाव में था या कोई और कारण था।