Banarasi Saree Care Tips : बनारसी सिल्क साड़ी सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि भावनाओं और परंपरा की निशानी है. महीन रेशम के धागों और असली जरी के काम से बनी यह साड़ी बेहद खूबसूरत होती है, लेकिन उतनी ही नाज़ुक भी. नमी, धूप और केमिकल से इसे नुकसान पहुंच सकता है. खासतौर पर प्लास्टिक कवर में रखना इसके लिए हानिकारक साबित हो सकता है, क्योंकि प्लास्टिक में हवा का संचार नहीं होता और नमी फंस जाती है- जिससे जरी काली पड़ सकती है और रेशम कमजोर हो सकता है. आइये जानते हैं बनारसी साड़ी के रख- रखाव के सही तरीके.

ये गलतियां न करें

1-साड़ी को प्लास्टिक कवर में लंबे समय तक स्टोर करना.
2-गीली या हल्की नम साड़ी को तुरंत फोल्ड कर रखना.
3-तेज धूप में सुखाना.
4-बार-बार एक ही फोल्ड में रखना (क्रीज़ से धागे टूट सकते हैं).
5-परफ्यूम या डिओड्रेंट सीधे साड़ी पर स्प्रे करना.

ऐसे रखें अपनी बनारसी साड़ी को दशकों तक नया जैसा

मलमल या कॉटन के कपड़े में लपेटें

प्लास्टिक की जगह साड़ी को मुलायम मलमल या सूती कपड़े में लपेटकर रखें. इससे हवा का संचार बना रहता है और नमी नहीं जमती.

समय-समय पर फोल्ड बदलें

हर 3–4 महीने में साड़ी निकालकर उसकी तह बदल दें. इससे एक ही जगह दबाव नहीं पड़ेगा और धागे सुरक्षित रहेंगे.

सूखी और ठंडी जगह पर रखें

अलमारी में सिलिका जेल या नीम की पत्तियां रख सकती हैं ताकि नमी और कीड़ों से बचाव हो सके.

ड्राई क्लीन ही कराएं

घर पर धोने की बजाय विश्वसनीय ड्राई क्लीनर से ही साफ कराएं. बार-बार धुलाई से जरी और रेशम कमजोर हो सकते हैं.

सीधे हैंगर पर न टांगें

ये साड़ियाँ भारी होती हैं, इसलिए लंबे समय तक टांगकर रखने से कपड़ा खिंच सकता है. बेहतर है फोल्ड करके ही रखें.