बक्सर। बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड अंतर्गत सोवा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरुवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि बैंक के कंप्यूटर सिस्टम, एसी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि बैंक की तिजोरी में रखा कैश पूरी तरह सुरक्षित है।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गुरुवार शाम करीब सात बजे, जब बैंक बंद हो चुका था, स्थानीय लोगों ने बैंक भवन से काला धुआं निकलते देखा। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और अंदर रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों और पुलिस ने संभाला मोर्चा
धुआं देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तत्काल कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस को सूचना दी। सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए निजी संसाधनों से आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। बाद में पहुंची अग्निशमन टीम ने आग को पूरी तरह ठंडा किया।
मैनेजर का बयान: कैश पूरी तरह सुरक्षित
शाखा प्रबंधक तरुण कुमार ने बताया कि आग की चपेट में आने से बैंक के कंप्यूटर और कुछ जरूरी कागजात नष्ट हुए हैं। उन्होंने राहत की खबर देते हुए स्पष्ट किया कि बैंक का कैश और लॉकर पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल प्रशासन नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहा है और भविष्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


