समीर शेख, बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सिलावद क्षेत्र स्थित ढाबा बावड़ी में जल संवर्धन कार्यों के निरीक्षण के दौरान मधुमक्खियों के अचानक हमले से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में जिला पंचायत सीईओ काजल जावला, जनपद सीईओ मोतीलाल काग और एक पुलिस गनमैन सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बड़वानी ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बड़गांव के सचिव रामलाल आवास्या ने बताया कि वे जिला पंचायत सीईओ और जनपद सीईओ के साथ क्षेत्र में चल रहे जल संवर्धन कार्यों का जायजा लेने ढाबा बावड़ी पहुंचे थे। अधिकारी और कर्मचारी बावड़ी के अंदर उतरकर कार्यों की स्थिति का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद मधुमक्खियों का झुंड अचानक सक्रिय हो गया और मौके पर मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए सभी लोग तुरंत वहां से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी में बैठ गए। इस हमले में पुलिस गनमैन को अधिक डंक लगे, जबकि जनपद सीईओ मोतीलाल काग और सचिव रामलाल आवास्या भी घायल हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बड़वानी लाया गया। जिला अस्पताल के डॉ. राहुल पाटीदार ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में घायल तीन व्यक्तियों को अस्पताल लाया गया था। इनमें स्वप्निल, रविंद्र और रामलाल शामिल हैं, जो बड़वानी के निवासी हैं। अस्पताल पहुंचते ही तीनों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया। डॉ. पाटीदार के अनुसार, फिलहाल तीनों की स्थिति स्थिर और सामान्य है। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है और कुछ समय तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। स्थिति सामान्य होने के बाद कुछ लोगों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि दो लोगों का उपचार अभी भी जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

