जगदलपुर। रामनवमी के अवसर पर बस्तर में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि झमाझम बारिश भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक सकी। पूरी श्रद्धा के साथ लोग मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने विशाल सभा में डटे रहे, जहां से एकजुटता का संदेश दिया गया। सभा में धर्मगुरुओं ने समाज को संगठित रहने और संस्कृति की रक्षा का आह्वान किया। इसके बाद शहर ने भव्य शोभायात्रा का अद्भुत दृश्य देखा जिसमें महिला-पुरुष और बच्चों की भारी भागीदारी रही। जय श्रीराम के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। प्रमुख मार्गों पर यात्रा का स्वागत पुष्पवर्षा और मिष्ठान वितरण से किया गया। राम-लक्ष्मण, माता जानकी और हनुमान की जीवंत झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए यात्रा के दौरान संकीर्तन और भक्ति गीतों ने माहौल को और आध्यात्मिक बना दिया शहर के चौक-चौराहों पर सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और लस्सी की व्यवस्था की गई यह शोभायात्रा केवल आयोजन नहीं बल्कि बस्तर की सांस्कृतिक एकता और आस्था की ताकत का प्रदर्शन बन गई। अंत में महाआरती के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।

भाजपा अध्यक्ष ने केंद्र के फैसले को बताया जनहित का बड़ा कदम

जगदलपुर। ईंधन की कीमतों में राहत को लेकर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल देखी जा रही है, जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने केन्द्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इसे आम जनता के हित में बड़ा निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के दौर में भी सरकार ने जनता पर बोझ कम करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में भारी कटौती कर इसे न्यूनतम स्तर पर लाया गया है जबकि डीजल पर शुल्क पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है जिससे परिवहन और रोजमर्रा के खर्चों में राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का सीधा लाभ देश की करोड़ों जनता को मिलेगा और महंगाई पर भी नियंत्रण संभव होगा। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री और केन्द्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे संवेदनशील शासन का उदाहरण बताया। इस फैसले को लेकर प्रदेश में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं जहां इसे राहत बनाम राजनीति के नजरिए से देखा जा रहा है।

“गरीब की लकड़ी” अब महंगी विरासत, बांस संकट ने बढ़ाई चिंता

जगदलपुर। एक समय बस्तर की पहचान रहा बांस अब खुद संकट में नजर आ रहा है जिसे कभी गरीबों की लकड़ी कहा जाता था वही आज महंगाई की मार झेल रहा है बीते 10 वर्षों में बांस की कीमत 18 रुपए से बढ़कर 84 रुपए तक पहुंच गई है जबकि खुले बाजार में यह 200 रुपए तक बिक रहा है विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों में बढ़ते अतिक्रमण और बांस रोपण की कमी इसके प्रमुख कारण हैं इसके साथ ही जंगलों में आग और बांस के फूलने के बाद सूखने की प्राकृतिक प्रक्रिया ने भी संकट को बढ़ाया है कभी बांस की अधिकता के कारण उद्योग लगाने की योजना थी लेकिन अब स्थिति उलट हो चुकी है वन विभाग द्वारा सीमित आपूर्ति और घटते रकबे ने कीमतों को और बढ़ा दिया है यह बदलाव न केवल पर्यावरण बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय बन गया है।

ईस्ट कोस्ट रेलवे ने समय से पहले हासिल किया बड़ा लक्ष्य

जगदलपुर। देश की माल ढुलाई व्यवस्था में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है जहां ईस्ट कोस्ट रेलवे ने निर्धारित समय से पहले ही 275 मिलियन टन माल परिवहन का लक्ष्य पूरा कर लिया है यह उपलब्धि रेलवे की बेहतर संचालन क्षमता और मजबूत प्रबंधन का संकेत मानी जा रही है इस जोन ने कोयला, लौह अयस्क और इस्पात जैसी प्रमुख वस्तुओं के परिवहन में अहम भूमिका निभाई है जिससे उद्योगों और व्यवसायों को सीधा लाभ मिला है लगातार बेहतर प्रदर्शन से यह रेलवे जोन देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है अधिकारियों का कहना है कि आगे भी सेवाओं को और सुदृढ़ करने के प्रयास जारी रहेंगे ताकि माल परिवहन और अधिक तेज और विश्वसनीय बन सके।

ग्रामीणों ने सीखा इको-टूरिज्म का नया मॉडल

बीजापुर। इन्द्रावती टाइगर रिजर्व से जुड़े ग्रामीणों के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में नई पहल देखने को मिली है जहां इको डेवलपमेंट समिति के सदस्यों को ताडोबा-अंधेरी टाइगर रिजर्व का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया तीन दिवसीय दौरे में ग्रामीणों ने इको-टूरिज्म के सफल मॉडल को करीब से समझा उन्होंने जाना कि कैसे होम स्टे, टेंट व्यवस्था और रोमांचक गतिविधियों के जरिए रोजगार के नए अवसर बनाए जा सकते हैं साथ ही नेचर ट्रेल, जंगल सफारी और गाइडिंग जैसी गतिविधियों की बारीकियां भी सीखी गई इस दौरान पर्यटकों के लिए स्थानीय भोजन, स्वच्छता और आतिथ्य सेवाओं के महत्व पर भी जोर दिया गया ग्रामीणों में इस पहल से नई सोच विकसित हुई है जिससे आने वाले समय में क्षेत्र में पर्यटन आधारित रोजगार बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

सागौन तस्करी पर बड़ा वार, अंतर्राज्यीय नेटवर्क को लगा झटका

सुकमा। जिले में वन विभाग ने अवैध सागौन कटाई और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह पर करारा प्रहार किया है गोलापल्ली वन परिक्षेत्र में दबिश देकर भारी मात्रा में सागौन लकड़ी और अवैध आरा मशीन जब्त की गई जांच में सामने आया कि यह लकड़ी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में खपाई जा रही थी वहीं रायगुड़ा में घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जिनके कब्जे से सागौन के लठ्ठे बरामद हुए इसके अलावा पूर्व में भी विभिन्न बीटों से बड़ी मात्रा में लकड़ी जब्त की जा चुकी है कार्रवाई के दौरान बिना पंजीकृत ट्रैक्टर भी जब्त किया गया इस अभियान ने जिले में सक्रिय अवैध कटाई नेटवर्क की पुष्टि कर दी है वन विभाग ने साफ किया है कि आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

युवाओं को नशे से बचाने की सख्ती, रोलिंग पेपर तक पर लगा प्रतिबंध

कोंडागांव। जिले में युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के तहत रोलिंग पेपर, स्मोकिंग कोन और संबंधित सामग्री के खुले विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है प्रशासन का मानना है कि ये सामग्री नाबालिगों को आसानी से उपलब्ध हो रही थी जिससे नशे की प्रवृत्ति और अपराध बढ़ने का खतरा था यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और 24 मई 2026 तक प्रभावशील रहेगा आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई पक्ष इस आदेश में छूट चाहता है तो विधिवत आवेदन कर सकता है इस फैसले को जिले में कानून व्यवस्था और जन स्वास्थ्य की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।