रायपुर। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा आज जगदलपुर दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 9:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। जगदलपुर में गृहमंत्री की मौजूदगी में कुख्यात नक्सली पापा राव सरेंडर करेंगे। यह सरेंडर कार्यक्रम प्रशासन और पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। गौरतलब है कि राज्य सरकार लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरेंडर और पुनर्वास नीति को बढ़ावा दे रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। इस सरेंडर को नक्सल उन्मूलन अभियान में एक अहम उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर 31 मार्च से शुरू होगी फ्लाइट

जगदलपुर। लंबे समय से बंद जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर एलायंस एवर ने फ्लाइट शुरू करने की घोषणा कर दी है। 29 मार्च से शुरू हो रहे समर शेड्यूल में हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर 31 मार्च से फ्लाइट शुरू होगी। बीते लंबे समय से इस सेक्टर पर विमान सेवा की मांग लोग कर रहे थे। इधर जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली फ्लाइट को एलायंस एयर ने बंद कर दिया है। सोमवार को आखिरी बार दिल्ली के लिए एलायंस एयर के विमान ने जगदलपुर से उड़ान भरी। हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर सेक्टर में में फ्लाइट हैदराबाद-जगदलपुर, जगदलपुर-रायपुर, रायपुर-रीवा, रीवा-रायपुर, रायपुर-जगदलपुर व जगदलपुर-हैदराबाद के बीच चलेगी। हैदराबाद से एलायंस एयर की फ्लाइट सुबह 7.50 बजे टेकऑफ करेंगी, जो 9.10 बजे जगदलपुर में लैंड होगी। जगदलपुर से 9.35 बजे रायपुर के लिए टेकऑफ करने के बाद विमान 10.30 बजे रायपुर में लैंड होगी। वापसी में रायपुर से दोपहर 2.25 बजे उड़ान भरकर विमान 3.20 बजे जगदलपुर और यहां से 3.45 बजे टेकऑफ कर शाम 5.05 बजे हैदराबाद जाएगी।

पाकिस्तान से बस्तर पहुंचेगा मां हिंगलाज के धाम का पवित्र जल

जगदलपुर। आस्था, इतिहास और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत संगम बस्तर की पावन धरती पर साकार होने जा रहा है। करीब 300 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पहली बार पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित हिंगलाज माता के मूल शक्तिपीठ और पवित्र हिंगोल नदी का जल बस्तर जिले के बेड़ागांव (सोनपुर पंचायत) स्थित प्राचीन हिंगलाजिन मंदिर में पहुंचेगा। यह ऐतिहासिक क्षण न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का पर्व है, बल्कि अखंड भारतीय संस्कृति के अटूट संबंधों की भी जीवंत मिसाल बनेगा। रायपुर स्थित प्रसिद्ध शदाणी दरबार के पीठाधीश्वर संत युधिष्ठिर लाल महाराज स्वयं इस पवित्र जल को लेकर बेड़ागांव आएंगे। मंदिर के अध्यक्ष एवं संरक्षक अजय सिंह बैस के विशेष निमंत्रण पर संत पाकिस्तान की दुर्गम गुफाओं और हिंगोल नदी से यह पावन वारि लेकर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि उनके नेतृत्व में हर वर्ष भारतीय श्रद्धालुओं का जत्था हिंगलाज माता के दर्शन के लिए जाता है, जो इस परंपरा को निरंतर जीवित रखे हुए हैं।

केन्द्रीय स्कूल में पहली से 5वीं तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू

बीजापुर। केन्द्रीय विद्यालय में नए सत्र 2026-27 के लिए कक्षा पहली से पांचवीं तक प्रवेश प्रारंभ हो गया है। कक्षा प्रथम में 80 सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन करना होगा एवं कक्षा दूसरी से पांचवीं तक प्रवेश (प्रत्येक कक्षा में 40 सीट) के लिए विद्यालय में आकर ऑफलाइन पंजीयन करना होगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 02 अप्रैल दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। इच्छुक अभिभावक समय पर प्रवेश के लिए पंजीयन करवा सकते हैं।

ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद, किसानों ने की राहत की मांग

कोंडागांव। जिले के केशकाल विधानसभा क्षेत्र के बड़ेराजपुर इलाके में शुक्रवार शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचाई। तेज बारिश के साथ हुई भीषण ओलावृष्टि ने टॅवसा, छोटे राजपुर, पांडोकी और बड़ेराजपुर समेत कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया। इस बेमौसम मार से किसानों की मक्का, धान और चने की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित किसान शासन से शीघ्र राहत की मांग कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने तत्काल अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसडीएम आकांक्षा नायक ने राजस्व व पटवारी टीम को मौके पर भेजकर सर्वे कार्य प्रारंभ करा दिया है।

सुकमा: 28 मार्च से लगाएंगे मेगा स्पेशियलिटी हेल्थ कैंप

दोरनापाल। सुकमा जिले में पहली बार मेगा सुपर स्पेशियलिटी हेल्थ कैंप का आयोजन 28 व 29 मार्च को किया जाएगा। इसमें देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ ग्रामीणों की मुफ्त जांच कर इलाज करेंगे। हेल्थ कैंप का आयोजन प्रशासन व पुलिस के साथ बेंगलुरू के एनटीआर चैरिटेबल फाउंडेशन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। 28 मार्च को सुबह 9 से शाम 6 बजे तक और 29 मार्च को सुबह 8.30 से दोपहर 1 बजे तक सुकमा के मिनी स्टेडियम में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्रीरोग, पेट रोग, किडनी रोग, कैंसर, बाल रोग, श्वास रोग, दंतरोग सहित अन्य गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। इसके लिए हैल्पलाइन नंबर 18002330026 भी जारी किया गया है।

संभाग के 908 शिक्षकों की पदोन्नति आदेश जारी

जगदलपुर। शिक्षा विभाग में बस्तर संभाग के 908 शिक्षकों को पदोन्नत करने का आदेश जारी कर दिया है। बताया जाता है कि 1 अप्रैल 2024 की स्थिति में जारी अंतिम वरिष्ठता सूची के आधार पर विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हुई। समिति ने योग्य शिक्षक और प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक को मिडिल स्कूल प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नत कर दिया है। इसमें ई-संवर्ग के 30, टी-संवर्ग के 878 शिक्षक शामिल हैं। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन 908 को पदोन्नति की गई है, उनकी पोस्टिंग के लिए काउंसलिंग होगी। काउंसलिंग की तारीख व जगह अलग से जारी की जाएगी। गौरतलब है कि बीते लंबे समय से शिक्षक पदोन्नति की मांग उठा रहे थे, जिस पर सरकार पर उन्होंने पदोन्नति न करने का आरोप भी लगाया। संयुक्त संचालक शिक्षा एचआर सोम ने बताया कि पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया पूर्ण हो हो चुकी है। अब काउंसिलिंग के जरिए शिक्षकों की पोस्टिंग कर – दी जाएगी। पदोन्नति में ई-संवर्ग के – नियमित, एलबी वर्ग के 15-15 शिक्षकों को शामिल किया गया है।

जेसीबी मालिकों ने केशकाल व कोंडागांव के लिए बनाई रणनीति

फरसगांव। कोंडागांव जिले में जेसीबी मालिकों ने अपनी एकता को मजबूत करने और कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने के लिए कमर कस ली है। रविवार, 22 मार्च को बोरगांव (फरसगांव) के दुर्गा मंच पर विधानसभा स्तरीय जेसीबी मालिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और आगामी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय बैठकों को सुव्यवस्थित करने के लिए इसे दो विधानसभा क्षेत्रों के आधार पर विभाजित किया जाएगा। इसके तहत केशकाल विधानसभा में 25 मार्च को फरसगांव और बड़ेराजपुर ब्लॉक के सभी जेसीबी मालिक बहीगांव के दुर्गा मंच (बाजार स्थल) पर एकत्रित होंगे और कोंडागांव विधानसभा के लिए माकड़ी तहसील और मर्दापाल क्षेत्र के जेसीबी मालिक जल्द ही अपने समय और स्थान का चयन कर पृथक बैठक करेंगे। इन दोनों क्षेत्रीय बैठकों के संपन्न होने के बाद जिले के समस्त जेसीबी मालिक एक विशाल जिला स्तरीय मीटिंग के लिए तिथि का निर्धारण करेंगे। जेसीबी मालिक यूनियन जिला-कोंडागांव द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, अब जिले में जेसीबी संचालन के लिए समान दरें लागू होंगी। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि सामान्य खुदाई 1400 रुपये प्रति घंटा, 3 घंटे से कम का फुटकर कार्य 1500 रुपये प्रति घंटा, मिट्टी, मुरूम और गिट्टी लोडिंग के लिए 200 से 300 रुपये प्रति ट्रिप निर्धारित है।