Bastar News Update : जगदलपुर। लघुवेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ ने सांसद को ज्ञापन देकर जिला चिकित्सालय नेत्र विभाग में शराब पीकर महिला सुरक्षा गार्ड व लैब कर्मचारियों के साथ रात्रि मे शराब के नशे में धुत्त अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौज करने के कारण सहायक नोडल अधिकारी को उनके मूलपदस्थपना स्थान पर वापस भेजने की मांग की। ज्ञापन में संघ के जिला अध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि फिरोज खान सहायक नोडल अधिकारी नेत्र विभाग द्वारा 9 दिसंगर 2025 को समय रात्रि 9.40 बजे महारानी अस्पताल परिसर नेत्र विभाग एवं पैथेलॉजी लैब के सामने शराब के नशे में धुत्त महिला गार्ड कर्मी के साथ-साथ रात्रिकालीन महिला लैब कर्मचारियों को भी अपने सहायक नोडल अधिकारी होने के रौब जताते हुए गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार किया। उसके बाद खान को गार्ड कर्मचारियों द्वारा बहुत समझाया गया कि नशे में हैं, आप यहां से चले जाइये, उसके बाद भी उन्ही महिला गार्ड कर्मियों द्वारा समझाइश देने बाद भी गाली-गलौज किया। संबंधित नोडल अधिकारी का यह कृत्य अशोभनीय है कोई भी अधिकारी, कर्मचारी का शराब सेवन कर ड्यूटी में आना शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाना छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 (1) (एक) (दो) (तीन) का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे कृत्य करने वाले वाले संबन्धित सहायक नोडल अधिकारी से तत्काल हटाते हुए उनके मूल पदस्थापना स्थान पर भेजा जाय एवं गठित जांच दल को यथाशीघ्र जांच कराने हेतु आदेशित किया जाए।
सड़क हादसे में मौत, ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज
कांकेर। नरहरपुर थानांतर्गत ग्राम आंखीहर्रा और मर्यामपानी तिराहा के पास 31 नवंबर को शाम 6 बजे हुई सड़क दुर्घटना में मौत होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया। विवेचना में पाया गया कि आरोपी वाहन क्रमांक सीजी 05 आर 6260 के चालक ने अपनी वाहन को तेज व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए ट्रैक्टर को टक्कर मार दिया। टक्कर के कारण आई गंभीर चोट से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी वाहन क्रमांक सीजी 05 आर 6260 के चालक के खिलाफ धारा 281, 125 (ए), 106 (1) बीएनएम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
सेंटरिंग सामग्री पर हुआ विवाद, रॉड के हमले से पंच घायल
कांकेर। सेंट्रिंग का सामान घर के सामने से उठा ले जाने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद धीरे-धीरे मारपीट में बदल गया और आरोपी ने पीड़ित के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। घायल ने मारपीट की शिकायत भानुप्रतापपुर थाना में की। भानुप्रतापपुर थाना में शिकायत करने पहुंचे बसंतनगर, नारायणपुर निवासी महेश पटेल ने पुलिस को बताया कि वह वार्ड क्रमांक 15 बसंतनगर का वार्ड पंच है। 21 फरवरी की शाम करीब 7 बजे उसके घर के सामने रखा सेंट्रिंग का सामान प्रमिला उसेंडी के भाई सूरज मंडावी, निवासी बसंतनगर नारायणपुर, उसके घर से उठाकर अपने घर ले गया। इसकी जानकारी मिलने पर वह लगभग शाम साढ़े 7 बजे प्रमिला उसेंडी के घर गया और सूरज मंडावी से पूछा कि बिना बताए उसके घर में रखा सेंट्रिंग का सामान क्यों ले गए। इस पर सूरज मंडावी कहने लगा कि “तू कौन होता है मुझे बोलने वाला, तुम्हें जो करना है कर लो”, कहते हुए गाली-गलौज करने लगा। जान से मारने की धमकी देते हुए उसने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित के सिर, दाहिने हाथ की उंगली और दाहिने कान में चोट लगी है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सूरज मंडावी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
जुआ अड्डे पर पुलिस की दबिश, जुआरी फरार, 11 बाइक और नगदी जब्त
कांकेर। नरहरपुर क्षेत्र के ग्राम साईमुण्डा के जंगल-पहाड़ी में संचालित जुआ अड्डे पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 11 मोटरसाइकिल, नगदी और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। हालांकि अंधेरे और जंगल की आड़ लेकर जुआरी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नरहरपुर थाना अंतर्गत चौकी दुधावा पुलिस को 20 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम साईमुण्डा के जंगल-पहाड़ी के ऊपर कुछ लोग संगठित रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद चौकी प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही जुआरी अपने-अपने वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में भाग निकले।
पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां से 11 मोटरसाइकिल, 650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। जब्त सामग्री को विधिवत जब्ती पंचनामा बनाकर कब्जे में लिया गया है।
जब्त वाहनों के नंबर से मालिकों की तलाश
जुआ अड्डे से जब्त वाहनों के क्रमांक CG 05 U 1035, CG 05 AT 8833, CG 05 AP 6735, CG 19 BV 0930, CG 19 BG 7319, CG 05 AR 2667, CG 05 AD 1902, CG 05 AD 7563, CG 19 BC 1891, CG 04 HM 8805 और CG 05 E 4974—के आधार पर वाहन मालिकों की पहचान की जा रही है। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत देहाती नालसी पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
वन परिक्षेत्र अधिकारी से आहरण-संवितरण अधिकार छीना
कोंडागांव वनमण्डल के मर्दापाल परिक्षेत्र में पदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी प्यारेलाल ठाकुर कोे प्रदत्त आहरण संवितरण अधिकारी वापस ले लिया गया है। मुख्य वन संरक्षक कांकेर वृत्त राजेश कुमार चंदेल द्वारा यह कार्रवाई प्यारेलाल ठाकुर द्वारा महत्वपूर्ण वित्तीय कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने में रुचि नहीं लेने, बजट उपयोग में गंभीर लापरवाही बरतने तथा पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरते जाने के कारण की गई है।
जारी आदेश के तहत छत्तीसगढ़ वन वित्तीय नियम 74 (टी.ओ.-16) के अंतर्गत पूरक नियम तथा वन लेखा संहिता की धारा 6 में प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए प्यारेलाल ठाकुर, वनक्षेत्रपाल एवं परिक्षेत्र अधिकारी, मर्दापाल से तत्काल प्रभाव से आहरण-संवितरण अधिकार (डीडीओ पावर) वापस ले लिया गया है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आगामी आदेश तक मर्दापाल परिक्षेत्र का प्रभार श्री गौरव टंडन, वनक्षेत्रपाल प्रशिक्षु, कोण्डागांव वनमण्डल को उनके वर्तमान दायित्वों के अतिरिक्त सौंपा गया है।
33 पंचायतों में मिशन कनेक्ट के तहत प्रशासन की दस्तक
सुकमा। मुख्यमंत्री साय के अंत्योदय की कल्याण एवं सुशासन की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में सुकमा जिले में शुरू हुआ मिशन कनेक्ट का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से शासन और आमजन के बीच की दूरी को कम करते हुए प्रशासनिक अमला सीधे ग्राम पंचायतों तक पहुँचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का आकलन कर रहा है। शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान के तहत सुकमा विकासखंड की 33 ग्राम पंचायतों में एक साथ अधिकारियों ने दस्तक दी गई। कलेक्टर के नेतृत्व में जिला स्तरीय अधिकारियों ने प्रातः 10 बजे से ही निर्धारित पंचायतों में पहुँचकर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की। अभियान के अंतर्गत स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा बच्चों को प्रदत्त मध्यान्ह भोजन एवं पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता का स्वयं परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर तथा स्वच्छता का भी मुआयना किया गया। इसके साथ ही पंचायतों में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन कर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मैदानी भ्रमण के उपरांत तुंगल बांध में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक पंचायत से प्राप्त प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुँच सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


