Bastar News Update : दंतेवाड़ा। जिले की आदिवासी बेटी अंजू पाथरे का सिविल जज के पद पर चयन हुआ है। उनकी इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। सीमित संसाधनों और कई कठिनाइयों के बीच लगातार मेहनत करते हुए अंजू ने यह मुकाम हासिल किया और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गईं।

अंजू पाथरे ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय बारसूर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर से बीकॉम एलएलबी की डिग्री हासिल की तथा डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय बिलासपुर से मास्टर डिग्री प्राप्त की। उनके पिता हीरावत राम पाथरे पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर थाना अरनपुर में पदस्थ हैं, जबकि माता अनिता पाथरे गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन योगिता पाथरे नायब तहसीलदार के पद पर भानुप्रतापपुर में कार्यरत हैं। परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन को अंजू ने अपनी सफलता का श्रेय दिया है। अंजू का यह चौथा प्रयास था। इससे पहले तीन बार इंटरव्यू तक पहुंचने के बावजूद उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार पढ़ाई जारी रखी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनके आत्मविश्वास और मेहनत ने आखिरकार उन्हें सफलता दिलाई। अंजू पाथरे की इस उपलब्धि पर जिले के लोगों ने खुशी जताई है और उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।

भाजपा कार्यालय का घेराव करेंगे कांग्रेसी

जगदलपुर। बस्तर जिला युवा कांग्रेस शहर ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में 24 फरवरी को 11 बजे एआई समिट में चीनी रोबोट को भारत का आविष्कारक बताकर भारत देश वैश्विक स्तर पर अपमानित हुआ है। जिसके विरोध में कल भारतीय जनता पार्टी जगदलपुर कार्यालय का कांग्रेस घेराव करेगी।

बेवा को जमीन वापस दिलाने धुरवा समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जगदलपुर। जमीन रजिस्ट्री को निरस्त कर बेवा सुबो नाग को उनकी जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर धुरवा समाज के संभागीय अध्यक्ष ने कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में पूरे मामले का विस्तृत विवरण दिया गया है। ज्ञापन में बताया गया है कि 16 जुलाई 2025 को सूरज कश्यप द्वारा जालसाजी और धोखाधड़ी करते हुए जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। इस संबंध में दिवंगत लक्ष्मण सिंह की पत्नी सुबो नाग द्वारा पूर्व में कलेक्टर से शिकायत की गई थी। शिकायत पर अपर कलेक्टर ने यह कहते हुए कि रजिस्ट्री निरस्त करने का क्षेत्राधिकार इस कार्यालय को नहीं है, प्रकरण में सक्षम न्यायालय में आवेदन करने की सलाह दी थी। इस पर सूरज कश्यप का कहना है कि अपर कलेक्टर ने उसके पक्ष में फैसला दिया है। वहीं मामले को लेकर परपा थाना में भी आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा जांच का आश्वासन दिया गया था, बावजूद इसके कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि परपा थाना पुलिस इस मामले में दलालों को बचाने का प्रयास कर रही है। यह भी उल्लेख किया गया है कि सूरज कश्यप ने रजिस्ट्री के दिन लक्ष्मण को 3 लाख रुपये देने की बात कही थी, लेकिन यह राशि उन्हें नहीं दी गई। आशंका जताई गई है कि उक्त रकम दलालों को दी गई होगी। धुरवा समाज ने इसे स्पष्ट रूप से जालसाजी का मामला बताते हुए धोखाधड़ी से की गई रजिस्ट्री को निरस्त करने और बेवा सुबो नाग को उनकी जमीन वापस दिलाने की मांग नवपदस्थ कलेक्टर से की है।

अभिभावक हुए प्रशिक्षित

कांकेर। समावेशी शिक्षा के अंतर्गत शालाओं में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों के लिए निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार बीआरसी भवन में आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर्स दीपक सोनवानी एवं सरोज पाण्डेय ने अभिभावकों को समावेशी शिक्षा के महत्व, दिव्यांग बच्चों के अधिकार, संवेदनशीलता विकास, मार्गदर्शन, पाठ्यक्रम अनुकूलन, कक्षा रणनीतियां तथा सहायक उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी। प्रशिक्षण में कांकेर, चारामा व नरहरपुर विकासखण्डों के अभिभावक शामिल हुए।

चयन परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र किया जारी

कांकेर। कार्यालय कलेक्टर आदिवासी विकास शाखा द्वारा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 वीं प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली चयन परीक्षा-2026 के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। चयन परीक्षा का आयोजन आगामी रविवार 01 मार्च को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन एवं परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न विकासखंडों में परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं।

कुएमारी कैंप का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, जवानों का लगाया गया दरबार

कोंडागांव। पुलिस अधीक्षक पंकज चंदा द्वारा थाना केसकाल क्षेत्र अंतर्गत स्थित कुएमारी कैप एवं प्रस्तावित नवीन थाना भवन कुएमारी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कैंप की व्यवस्थाओं, सुरक्षा तैयारियों एवं जवानों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कैंप में मौजूद सीएएफ बटालियन की बी कंपनी एवं जिला बल के जवानों का दरबार लेकर उनकी व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जवानों की समस्याओं, मांगों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि और कुशलक्षेम के बारे में भी जानकारी ली। एसपी श्री चंदा ने अधिकारी-कर्मचारियों को उनके बच्चों की शिक्षा से जुड़ी शासन एवं पुलिस प्रशासन की योजनाओं की जानकारी दी। हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी एवं उच्च शिक्षा से संबंधित सुविधाओं और अवसरों के बारे में विस्तार से बताया गया। निरीक्षण के दौरान कैंप में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्य योजना की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को पुरस्कृत करने के लिए उचित इनाम का अनुशंसा भी की गई। अत में पुलिस अधीक्षक ने सीएएफ एवं जिला बल के जवानों को शाबाशी देते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कल

जगदलपुर। जिले के तोकापाल विकासखण्ड में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। सम्पूर्णता अभियान के अंतर्गत आगामी 25 फरवरी को आयुष्मान आरोग्य मंदिर छापरभानपुरी में एक मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। खण्ड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तोकापाल द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ जांच और उपचार की सुविधा प्रदान करना है। विशाल स्वास्थ्य शिविर के सफल संचालन के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों और स्वास्थ्य कर्मियों की एक इस विस्तृत टीम तैनात की गई है। उक्त शिविर में मरीजों की सघन स्वास्थ्य जांच की जाएगी।