Bastar News Update: कांकेर। सिकसोड़ थानांतर्गत ग्राम भैंसासुर सदापारा निवासी 58 वर्षीय बेसूराम दुग्गा पिता स्व. पदमराम अपने स्वयं के खेत में स्थित साजा पेड़ पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे पेड़ से नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजनों द्वारा तत्काल सहायता पहुंचाई गई, लेकिन चोटें इतनी घातक थीं कि उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मृतक की पत्नी सुगरोबाई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कपड़ा दुकान में लगी भीषण, लाखों का सामान जलकर राख
कांकेर। जिला मुख्यालय से सटे ग्राम नारा में बीती रात एक कपड़ा दुकान में अचानक लगी आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। देखते ही देखते दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख में तब्दील हो गया। पीड़ित दुकानदार के अनुसार आग से लगभग 10 लाख नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा हो पाया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
15 दिन पहले भी हुई थी आगजनी की घटना
पीड़ित ने बताया कि उनकी दुकान से कुछ दूरी पर स्थित एक फोटोकॉपी और डीजे की दुकान में भी 15 दिन पहले रात के समय आगजनी की घटना हुई थी। वह घटना रात करीब साढ़े तीन बजे के आसपास हुई थी। उस दौरान दुकान के पास एक बोतल मिली थी, जिसमें से पेट्रोल जैसी गंध आ रही थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच जारी है। उस समय भी आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका, लेकिन पेट्रोल की गंध मिलने से आगजनी की आशंका जताई गई थी। अब दोबारा कपड़ा दुकान में आग लगने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गांव में यह चर्चा जोरों पर है कि कोई अज्ञात व्यक्ति जानबूझकर आगजनी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है।
2.37 लाख बकाया के लिए 33 उपभोक्ताओं की कटी लाइन
जगदलपुर। विद्युत कंपनी ने बकाया की वसूली के लिए डिस्कनेक्शन अभियान को तेज कर दिया है। इसमें शहर के जगदलपुर जोन में 5 टीमें गठित की गई, जो बकायादारों के घरों में पहुंचकर बकाया की वसूली कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जिन उपभोक्ताओं घर एवं उपभोक्ताओं घर एवं प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाया गया है, उनका बकाया होने पर रायपुर से सीधे बिजली कनेक्शन काटा जा रहा। इसमें हर दिन लगभग 150 बकायादारों की कनेक्शन काटा जा रहा है। हालांकि डिस्कनेक्शन अभियान पर जगदलपुर जोन में दो लाख 37 हजार 150 रुपए बकाया के लिए 33 उपभोक्ताओं की लाइन काटी और 185 उपभोक्ताओं से 17 लाख 25 हजार 807 रूपए वसूल किया गया। वर्तमान में 8580 उपभोक्ताओं पर लगभग एक करोड़ 22 लाख 10 हजार 395 रूपए का बकाया है।
बकाया वसूली में जुटी टीम : जगदलपुर जोन के सहायक अभियंता विकास कुंजाम ने बताया कि डिस्कनेक्शन अभियान के लिए 5 टीमें गठित की गई है, बकाया वसूली में जुटे हुए हैं। मार्च के चलते अभियान को तेज किया गया है।
40 श्रमिकों का हुआ पंजीयन योजनाओं की दी गई जानकारी
कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप एवं कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला कोण्डागांव में निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित कर्मकारों के पंजीयन, नवीनीकरण तथा विभागीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत बड़े बंजोड़ा में मोबाइल पंजीयन एवं नवीनीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन कार्यालय श्रम पदाधिकारी, जिला कोण्डागांव द्वारा किया गया। शिविर में कुल 40 श्रमिकों का पंजीयन संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इनमें नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने उपस्थित श्रमिकों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। शिविर के माध्यम से श्रमिकों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
20 फरवरी को ग्राम पंचायतों में लगेंगी चौपाल
जगदलपुर। जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए 20 फरवरी को ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाई जाएंगी। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आकाश छिकारा के द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद पंचायत बकावण्ड की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष निरीक्षण एवं जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों को अलग-अलग पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिन्हें सुबह 10 बजे से अपने निधारित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर अनिवार्य रूप से निरीक्षण कार्य प्रारंभ करना होगा। अधिकारियों का यह दल प्रत्यक्ष रूप से आंगनबाड़यिों, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, उचित मूल्य की दुकानों और निमार्णाधीन कार्यों का जायजा लेगा। इस दौरान मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, पूरक पोषण आहार, स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता और हर घर नल-जल जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निरीक्षण की इस प्रक्रिया के बाद दोपहर 2 बजे से अधिकारी पंचायत भवनों में ग्रामीणों के साथ सीधे रूबरू होंगे और उनकी शिकायतों व समस्याओं पर चर्चा करेंगे। शाम 4 बजे जनपद मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई है, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर करेंगे। इस महत्वपूर्ण अभियान की पूर्व सूचना ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए एक सप्ताह पहले से ही गांवों मुनादी करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
तालाब में डूबने से युवक की मौत
कांकेर। कांकेर जिले के ग्राम बागोडार में तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 को सुबह लगभग पौने 9 बजे ग्राम बागोडार स्थित तालाब में युवक का शव देखा गया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय रोशन नेताम पिता राजकुमार नेताम, निवासी ग्राम बागोडार, कांकेर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण तालाब के पानी में डूबना बताया गया है। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
कांकेर। शहर कांकेर से लगे ग्रामगोविंदपुर क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ 22 वर्षीय युवक मयंक कोमरा ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार गोविंदपुर निवासी मयंक कोमरा पिता बोहरन ने 17 फरवरी की शाम लगभग 5 बजकर 10 मिनट अपने निवास पर फांसी लगा ली थी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


