Bastar News Update : कांकेर। नारायणपुर के टिमनार निवासी 30 वर्षीय बालसिंह मंडावी पिता बिल्लूराम सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसका 24 दिसंबर को मौत हो गया। रायपुर के निजी अस्पताल से अंतागढ़ थाना में अस्पताली मेमो पेश कर मौत का कारण सड़क दुर्घटना में आई चोट को बताया गया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया।

स्टार्टअप इंडिया कार्यशाला का आयोजन आज

जगदलपुर। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बस्तर द्वारा 11 मार्च को रैम्प योजनांतर्गत बैंक इन्वेस्टर मीट एवं स्टार्टअप इंडिया कार्यशाला का आयोजन कार्यालय कलेक्टर के प्रेरणा कक्ष में आयोजित किया गया है। इसमें औद्योगिक नीति 2024-30 व प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म, खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के हितग्राहियों को बैंक से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा, जिसमें सीएसआईडीसी रायपुर के प्रतिनिधि एवं बैंक के अधिकारी भी शामिल रहेंगे।

ग्रामीण ने जहर खाकर दी जान

कांकेर। कांकेर थाना अंतर्गत बेवरती निवासी 55 वर्षीय अशोक उसेंडी, पिता लालसिंह उसेंडी ने जहर खा लिया, जिससे 9 मार्च को उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल से प्राप्त अस्पताल मेमो में बताया गया कि मृतक ने जहर सेवन किया था। मृतक द्वारा ऐसा करने के कारणों का पता नहीं चल पाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला मोर्चा का होली मिलन समारोह

जगदलपुर। प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष विभा अवस्थी के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा कल 11 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस व होली मिलन समारोह मनाएगा। भाजपा कार्यालय के पीछे दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम होने की जानकारी महिला मोर्चा अध्यक्ष माहेश्वरी ठाकुर ने दी है।

दो माह से स्कूल से गायब सहायक शिक्षक, एक शिक्षक पर पूरी जिम्मेदारी

पखांजुर। क्षेत्र के सरकारी प्राथमिक स्कूल पीवी 71 में दो शिक्षकों में से एक सहायक शिक्षक देवराज तितरम पिछले दो महीनों से अनुपस्थित हैं। इस कारण पूरी स्कूल व्यवस्था केवल एक शिक्षक दिनेश विश्वास के भरोसे चल रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार शील ने अनुपस्थित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही दो महीनों का वेतन रोक दिया गया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

13 मार्च को लगेगा एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प

कोंडागांव। शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोंडागांव द्वारा 13 मार्च 2026 शुक्रवार को एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जाएगा। इस कैम्प के माध्यम से निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में कुल 396 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। यह प्लेसमेंट कैम्प कलेक्टर परिसर, जिला पंचायत के सामने स्थित आशा सिलाई सेंटर के बाजू, कोंडागांव में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा। प्लेसमेंट कैम्प में कई निजी कंपनियों द्वारा भर्ती की जाएगी, जिनमें प्रमुख रूप से स्काई ऑटोमोबाइल कोंडागांव में रिलेशनशिप मैनेजर के 6 पद और रिसेप्शनिस्ट के 2 पद सेल्फ इंटेलिजेंट सिक्योरिटी सर्विसेस भिलाई में सिक्योरिटी गार्ड के 100 पद, सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 50 पद, फील्ड ऑफिसर, ट्रेनिंग ऑफिसर, मार्केटिंग मैनेजर और अकाउंटेंट के 2-2 पद तथा लेबर के 200 पद स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस प्रा. लि. में फील्ड ऑफिसर के 30 पद शामिल हैं।

धड़ल्ले से हो रही रेत की अवैध ढुलाई

जगदलपुर। बस्तर की जीवनदायिनी इंद्रावती नदी में जलस्तर कम होने के साथ रेत तस्करों ने अवैध ढुलाई शुरू कर दी है। भेजापदर, नगरनार और उपनपाल क्षेत्रों से माड़पाल मार्ग तक ट्रैक्टर और टिप्पर में रेत का अवैध परिवहन हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि माइनिंग, राजस्व, ग्राम पंचायत और पुलिस की सेटिंग के कारण रेत तस्कर बेखौफ हैं। इससे शासन को मिलने वाली राजस्व राशि का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर और पुलिस कप्तान से सख्ती की मांग की है।