जगदलपुर। बस्तर संभाग में आज सुरक्षा, प्रशासन, संस्कृति, स्वास्थ्य, पर्यटन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई अहम गतिविधियां सुर्खियों में हैं. राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन से पहले जहां जगदलपुर को हाई-सिक्योरिटी जोन में बदला गया है, वहीं जनजातीय पहचान, पर्यटन विस्तार, स्वास्थ्य अभियानों और संवेदनशील मामलों पर भी प्रशासन की सक्रियता देखने को मिल रही है. बस्तर पंडुम उत्सव से लेकर हाईकोर्ट की निगरानी, छात्रावास में अनियमितताओं, वन्यजीव संरक्षण और अपराध नियंत्रण तक, पूरे संभाग में घटनाक्रम तेज हैं.

राष्ट्रपति आगमन से पहले बस्तर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

जगदलपुर. बस्तर के गौरवमयी उत्सव ‘बस्तर पंडुम’ के शुभारंभ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है. 7 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे से पहले शहर को हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में तब्दील कर दिया गया है. शहर की सीमाओं से लेकर आयोजन स्थल तक 24 घंटे चेकिंग अभियान जारी है. बाहर से आने वाले हर वाहन की सघन जांच की जा रही है. भारी भीड़ को देखते हुए कुम्हड़ाकोट, गणपति रिसॉर्ट और रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पार्किंग जोन बनाए गए हैं, जबकि कृषि उपज मंडी और हाटा ग्राउंड को रिजर्व रखा गया है. लालबाग आयोजन स्थल के आसपास विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. राष्ट्रपति आगमन से दो घंटे पहले लालबाग–सनसिटी मार्ग बंद रहेगा और आमागुड़ा की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा.

छात्रावास में बच्चों के अधिकारों का हनन

बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत मूली स्थित प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में बच्चों के अधिकारों के हनन का मामला सामने आया है. सरपंच जितेंद्र बघेल के निरीक्षण में आरोप लगे हैं कि छात्रावास अधीक्षक बच्चों के हिस्से का राशन गायब कर रहे हैं. छात्रों ने बताया कि अधीक्षक महीने में एक-दो बार ही आते हैं और उनके व्यवहार को लेकर भी गंभीर शिकायतें हैं. बच्चों के भोजन और स्वास्थ्य व्यवस्था की अनदेखी के आरोपों के बाद अधीक्षक को हटाने की मांग की गई है. मामला प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है.

ग्रीन केव्स मामले पर हाईकोर्ट की सख्त नजर

कांगेर वैली नेशनल पार्क की चर्चित ‘ग्रीन केव्स’ को लेकर 18 फरवरी को हाईकोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है. पार्क प्रबंधन को हलफनामा पेश करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रबंधन ने नियंत्रित और सीमित पर्यटन की पैरवी करते हुए कहा है कि विशेषज्ञों की निगरानी में ही गुफाओं को खोला जाएगा. कोटमसर गुफा का उदाहरण देते हुए संरक्षण और शोध को प्राथमिकता देने की बात कही गई है. सुनवाई के बाद ग्रीन केव्स का भविष्य तय होगा.

जनजातीय गौरव वाटिका से बस्तर की पहचान को नई उड़ान

जगदलपुर. कुम्हड़ाकोट में विकसित ‘जनजातीय गौरव वाटिका’ का लोकार्पण 6 फरवरी को होगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वन विभाग द्वारा विकसित यह ईको-पार्क बस्तर की जनजातीय संस्कृति और प्रकृति का संगम है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

बिजली कंपनी के रजत जयंती समारोह में विकास पर मंथन

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड ने 25 वर्ष पूरे होने पर कृषि महाविद्यालय परिसर में रजत जयंती समारोह आयोजित किया. कार्यक्रम में बस्तर संभाग में बिजली विस्तार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई. मुख्य अतिथि पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने दुर्गम इलाकों तक बिजली पहुंचाने को बड़ी उपलब्धि बताया. समय पर बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया.

हाथीपांव उन्मूलन अभियान में तेजी

राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत बस्तर विकासखंड में स्वास्थ्य विभाग ने प्रयास तेज कर दिए हैं. सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए आयोजित कार्यशाला में सामूहिक दवा सेवन और जनजागरूकता पर जोर दिया गया. लक्ष्य बस्तर को हाथीपांव रोग से पूरी तरह मुक्त बनाना है.

33 साल बाद भी पहाड़ी मैना संरक्षण पर सवाल

प्रदेश की राजपक्षी पहाड़ी मैना के संरक्षण प्रयासों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. 33 वर्षों में करोड़ों खर्च के बावजूद एक भी मैना का सफल संवर्धन नहीं हो सका. विशेषज्ञों की नियुक्ति और योजनाओं के अभाव में यह परियोजना ठप पड़ी है, जिससे राजपक्षी का भविष्य चिंता का विषय बन गया है.

हत्या का फरार आरोपी जंगल से गिरफ्तार
दंतेवाड़ा पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने जंगल में छिपे हत्या के आरोपी मनकू मंडावी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर जादू-टोना के शक में हत्या का आरोप है. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और कपड़े भी बरामद किए हैं.

किशोरी की संदिग्ध मौत पर गहराया रहस्य

छिंदगढ़ ब्लॉक में 17 वर्षीय किशोरी की मौत के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है और एफआईआर में देरी पर नाराज़गी जताई है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.

मेंद्री घूमर जलप्रपात को मिलेगा पर्यटन विस्तार

मेंद्री घूमर जलप्रपात क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भव्य रिसॉर्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. 20 हेक्टेयर से अधिक शासकीय भूमि चिन्हित की गई है. इस परियोजना से स्थानीय रोजगार बढ़ने और क्षेत्र के पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान बनने की उम्मीद है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H