दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई परिक्षेत्र में वन्यजीवन का एक दुर्लभ और रोमांचक नजारा देखने को मिला। जंगल सफारी पर निकले पर्यटकों के सामने दो ताकतवर बाघ अपनी टेरिटरी के लिए आपस में भिड़ गए। इस लड़ाई में रिजर्व का प्रसिद्ध बाघ ‘शंकरा’ घायल हो गया है। 

जानकारी के अनुसार इवनिंग सफारी के दौरान मुंबई से आए पर्यटक शिवम और अन्य लोग जिप्सी से मढ़ई के घने जंगल में थे। तभी एक तालाब के पास दो नर बाघ दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक बाघ पानी से बाहर निकल रहा था जबकि दूसरा किनारे पर चल रहा था। कुछ देर साथ चलने के बाद अचानक दोनों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई।



इस आपसी संघर्ष में ‘शंकरा’ बाघ के दाहिने पैर में चोट लगी है। पर्यटकों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मढ़ई गेट पर सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। टीम को शंकरा दिखाई दिया है, जिसके पैर में जख्म हैं, वहीं दूसरे नए नर बाघ की तलाश अभी जारी है। जंगल में वर्चस्व का यह संघर्ष केवल मढ़ई तक सीमित नहीं रहा। एसटीआर के मटकुली रेंज की नयाखेड़ा बीट में भी एक बाघ और बाघिन के बीच संघर्ष की खबर है। 

दुखद बात यह रही कि इस लड़ाई के दौरान बाघ ने बाघिन के 4 माह के शावक को मार डाला। वन विभाग ने रविवार दोपहर को शावक के शव का पंचनामा कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। वन विभाग के अनुसार वन्यजीवों में अपने इलाके को बचाने के लिए इस तरह के संघर्ष प्राकृतिक हैं। हमारी टीम घायल बाघ की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। ​फिलहाल मढ़ई में पर्यटकों के बीच इस घटना को लेकर काफी उत्साह है, लेकिन वन अमला सुरक्षा और वन्यजीवों की सेहत को लेकर अलर्ट पर है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m