T20 World Cup 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने बड़ा ऐलान किया है. जिसके तहत टीम इंडिया अपने घर में एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलेगी. इस बार भारत दौरे पर वो टीम आ रही है, जो इससे पहले कभी टीम इंडिया के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेली.

T20 World Cup 2026: भारत में इन दिनों टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच चरम पर है. 1 मार्च की शाम सुपर 8 के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को मात देकर टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है. टी20 विश्व कप 2026 की धूम के बीच बीसीसीआई (BCCI) ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को एक बड़ा सरप्राइज दिया है. आईपीएल 2026 के ठीक बाद टीम इंडिया अपने घर में टेस्ट और वनडे मैच खेलती दिखेगी. इस बार मेहमान कोई और नहीं, बल्कि अपनी स्पिन के लिए पूरी दुनिया में मशहूर अफगानिस्तान की टीम है.

जून 2026 में होने वाला यह दौरा बेहद खास है, क्योंकि क्रिकेट इतिहास में पहली बार भारत और अफगानिस्तान के बीच कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज (Bilateral ODI Series) खेली जाएगी. इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर एक्शन में दिखेंगे. यह सीरीज मिशन 2027 के वनडे विश्व कप का एक हिस्सा होने जा रही है. चंडीगढ़ की उछाल भरी पिच से लेकर चेन्नई के स्पिन ट्रैक तक, आइए जानते हैं किन-किन जगहों पर मैच होंगे.

सबसे पहले होगा टेस्ट

बीसीसीआई ने जो शेड्यूल जारी किया है, उसके अनुसार यह टूर जून 2026 में होना है. एक टेस्ट और 3 वनडे होंगे.
दौरे की शुरुआत टेस्ट मैच से होगी, जो 6 से 10 जून के बीच न्यू चंडीगढ़ में होना है. दोनों देशों के बीच क्रिकेट इतिहास का यह दूसरा टेस्ट मैच होगा. इससे पहले 2018 में इन दोनों टीमों के बीच टेस्ट मैच खेला गया था, जो अफगानिस्तान की टीम का पहला टेस्ट मैच भी था.

कहां-कहां होंगे वनडे मैच?

टेस्ट मैच के बाद तीन वनडे होंगे. वनडे सीरीज का आगाज 14 जून से होगा. यह भारत-अफगान टीमों के बीच पहली वनडे सीरीज है. अब तक ये दोनों टीमें सिर्फ एशिया कप और आईसीसी टूर्नामेंट में वनडे खेली हैं. वनडे के मैच धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में होना है.

भारत-अफगानिस्तान सीरीज का शेड्यूल

एकमात्र टेस्ट- 6 जून से 10 जून, चंडीगढ़
पहला ODI- 14 जून 2026, धर्मशाला
दूसरा ODI- 17 जून 2026, लखनऊ
तीसरा ODI- 20 जून 2026, चेन्नई

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H