अजय शास्त्री/ बेगूसराय। जिले में अपराधियों ने पुलिस की गश्ती और मुस्तैदी के दावों को अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। ताजा मामला तेघड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां हसनपुर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और बैंक कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।

​फिल्मी अंदाज में बैंक में घुसे छह अपराधी

​मिली जानकारी के अनुसार, छह की संख्या में आए मोटरसाइकिल सवार हथियारबंद अपराधियों ने हसनपुर स्थित एक्सिस बैंक को अपना निशाना बनाया। अपराधी बेखौफ होकर बैंक परिसर में दाखिल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी अपराधी अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। बैंक के अंदर घुसते ही अपराधियों ने वहां मौजूद ग्राहकों और बैंक कर्मियों को हथियारों के बल पर डराकर पूरी तरह से अपने कब्जे में ले लिया।

​कर्मियों को बंधक बनाकर लूटी मोटी रकम

​अपराधियों ने बैंक के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों को एक कोने में ले जाकर बंधक बना लिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके कारण बैंक के भीतर सन्नाटा पसर गया। अपराधियों ने पलक झपकते ही बैंक के कैश काउंटर और लॉकर से मोटी रकम लूट ली। हालांकि, अभी तक लूटी गई राशि का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है, लेकिन इसे एक बड़ी लूट माना जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर हवा में हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से फरार हो गए।

​जांच में जुटी पुलिस और आला अधिकारी

​घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष और तेघड़ा डीएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक की घेराबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी मनीष खुद मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के सभी बॉर्डर सील कर छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।