बेगूसराय। ​बिहार बोर्ड की मैट्रिक और इंटर परीक्षाओं के बीच बेगूसराय पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो प्रश्नपत्र लीक करने के नाम पर छात्रों से लाखों की ठगी कर रहा था। बखरी थाना पुलिस ने इस मामले में गिरोह के मुख्य सदस्य संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है।

​सोशल मीडिया पर बिछाया था जाल

​जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह ‘Bihar Board Out Question’ नामक टेलीग्राम चैनल और ‘ACHUK WAN 01’ व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए परीक्षार्थियों को निशाना बना रहा था। आरोपी संतोष कुमार सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्रों के कुछ अंश वायरल कर छात्रों को विश्वास में लेता था। गिरोह की सक्रियता इतनी अधिक थी कि 7 फरवरी को हुई केमिस्ट्री की परीक्षा के कुछ सवालों का मिलान आरोपी के पास मिले साक्ष्यों से भी हुआ है।

​पैसे दो, पेपर लो: 40 हजार तक की डिमांड

​पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सिर्फ अफवाह नहीं फैला रहा था, बल्कि मैट्रिक परीक्षा 2026 के पूरे प्रश्नपत्र देने के बदले छात्रों से 40,000 रुपये तक वसूल रहा था। गिरोह के सदस्य पेमेंट के तुरंत बाद PDF और मौका हाथ से निकल गया तो पछताओगे जैसे संदेश भेजकर छात्रों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाते थे।

​लखीसराय से जुड़े हैं तार

​इस पूरे खेल के तार लखीसराय जिले से भी जुड़े हैं, जहां पंकज कुमार नामक व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से बैंक खातों, कॉल रिकॉर्ड्स और ग्रुप एडमिन की तलाश में जुटी है।

​सावधान रहें

प्रशासन ने अपील की है कि परीक्षार्थी और अभिभावक ऐसे किसी भी फर्जी दावे के झांसे में न आएं। पेपर लीक की खबर मिलते ही तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।