बेगूसराय। शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर और आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग को लेकर मंगलवार को बेगूसराय की सड़कें युवाओं के जोश से भर गईं। एससी-एसटी ओबीसी छात्र युवा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित ‘जनसमर्थन रैली’ में हजारों की संख्या में छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। यह रैली UGC एक्ट 2026 को अविलंब लागू करने के समर्थन में निकाली गई थी।

​शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा जनसैलाब

​रैली की शुरुआत रेलवे माल गोदाम से हुई, जो ट्रैफिक चौक, कचहरी रोड और नगरपालिका चौक जैसे प्रमुख व्यस्त इलाकों से गुजरते हुए समाहरणालय के दक्षिणी गेट (हड़ताली चौक) पर संपन्न हुई। हाथों में बैनर-पोस्टर लिए युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इस नए अधिनियम को भविष्य के लिए ‘मील का पत्थर’ बताया।

​आरक्षित वर्ग के भविष्य पर जोर

​हड़ताली चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संयोजक विकाश कुमार आजाद और पूर्व उप मेयर राजीव रंजन ने कहा कि वर्तमान में बढ़ती महंगाई और नीतियों की जटिलता के कारण आरक्षित वर्ग के मेधावी छात्र उच्च शिक्षा की दौड़ में पिछड़ रहे हैं। उन्होंने तर्क दिया कि UGC एक्ट 2026 में पारदर्शिता लाने और वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की क्षमता है।

​DM के माध्यम से राष्ट्रपति तक पहुंचाई मांग

​सभा के समापन पर एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी (DM) से मुलाकात की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस अधिनियम को बिना देरी किए प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह विरोध प्रदर्शन और उग्र रूप धारण करेगा। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे शहर में पुलिस बल की तैनाती मुस्तैद रही।