प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले में ब्रांडेड पानी के नाम पर चल रहे नकली खेल का बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर शनिवार शाम करीब 5 बजे भभुआ शहर के वार्ड नंबर 25, ददरा रोड स्थित धीरज इंटरप्राइजेज पर छापेमारी की गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई में ब्रांडेड कंपनी क्लियर के नाम से मिलता-जुलता नकली पानी बनाने वाली फैक्ट्री को सील कर दिया गया है।
ब्रांड की नकल कर जनता को दे रहे थे धोखा
अहमदाबाद से आए एनर्जी बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड के एरिया सेल्स मैनेजर विवेकानंद ओझा ने बताया कि पिछले एक साल से उन्हें सूचना मिल रही थी कि भभुआ में उनकी कंपनी के नाम का गलत इस्तेमाल हो रहा है। आरोपी क्लियर कंपनी की नकल कर क्लियर प्लस कॉपर नाम से नकली पानी बाजार में कम दामों पर बेच रहे थे। इससे न केवल असली कंपनी को व्यापारिक नुकसान हो रहा था, बल्कि उपभोक्ताओं को भी गुमराह किया जा रहा था।
कोर्ट कमिश्नर और वकीलों की देखरेख में कार्रवाई
कंपनी की शिकायत पर दिल्ली कोर्ट ने संज्ञान लिया और लोकल कमिश्नर नियुक्त किया। छापेमारी के दौरान कोर्ट द्वारा नियुक्त स्थानीय आयुक्त (अधिवक्ता) हिमांशु सेहरा, कंपनी के अधिकृत अधिवक्ता राजन द्विवेदी और उनकी 4 सदस्यीय टीम मौजूद रही। भभुआ थाना पुलिस के सहयोग से फैक्ट्री के भीतर सघन तलाशी ली गई।
70 लाख की बरामदगी और फैक्ट्री सील
जांच टीम को मौके से भारी मात्रा में नकली पानी की बोतलें, रैपर और क्लियर ब्रांड के डुप्लीकेट स्टीकर बरामद हुए। बरामद किए गए कुल माल की बाजार में कीमत लगभग 60 से 70 लाख रुपये आंकी गई है। यह फैक्ट्री मंजू देवी के नाम पर पंजीकृत धीरज इंटरप्राइजेज के बैनर तले चलाई जा रही थी। साक्ष्यों के आधार पर पूरी यूनिट को मौके पर ही सीज कर दिया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

