प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के ठीक सामने एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 19 वर्षीय युवती को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और अंततः सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

​बाजार करने आई थी खुशबू

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के पढ़ौती गांव निवासी उमेश सिंह की 19 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि खुशबू घरेलू सामान की खरीदारी के लिए भभुआ बाजार आई थी। वह कलेक्ट्रेट के ठीक सामने सड़क पार कर वी-टू मॉल की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी से लदा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर काल बनकर आया और युवती को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

​इलाज के दौरान चिकित्सकों ने घोषित किया मृत

​हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए आनन-फानन में एक ई-रिक्शा के जरिए घायल युवती को भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सतीश कुमार ने युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सक ने अंततः उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

​प्रशासन से कार्रवाई की गुहार

​मृतका के चाचा राजीव कुमार ने रोते हुए बताया कि ट्रैक्टर चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि फरार ट्रैक्टर चालक की शिनाख्त कर उस पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सदर अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।