भागलपुर/भोपाल। बिहार के भागलपुर जिले के बौर थाना क्षेत्र स्थित मिर्जापुर गांव में उस वक्त मातम छा गया, जब आर्मी मेडिकल कोर (AMC) के हवलदार नीरज कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास पहुंचा। भोपाल में ड्यूटी के दौरान एक सड़क दुर्घटना का शिकार हुए नीरज कुमार पिछले चार दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे थे, जिसे वे 20 मार्च को हार गए।
कैसे हुआ हादसा?
सेना के अधिकारियों के अनुसार, नीरज कुमार भोपाल में तैनात थे। 16 मार्च को जब वे आधिकारिक कार्य से एक मेडिकल यूनिट से दूसरी यूनिट जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद वे बेहोश होकर गिर पड़े और उन्हें तत्काल सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जवान के बड़े भाई ने बताया कि अस्पताल में उनका ऑपरेशन भी किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने अंतिम सांस ली।
पत्नी से आखिरी बातचीत
नीरज ने अपनी पत्नी निशा भारती (31) से फोन पर बात की थी। उन्होंने अपनी सेहत का हवाला देते हुए पत्नी से कहा था, मैं अब ठीक हूं, तुम्हें अभी भोपाल आने की जरूरत नहीं है। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। उसी रात दो बजे दोबारा फोन आया कि उनकी तबीयत बिगड़ गई है। जब निशा आर्मी कैंप पहुंचीं, तब तक नीरज इस दुनिया को छोड़ चुके थे।
गांव में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई
रविवार को जब जवान का पार्थिव शरीर मिर्जापुर पहुंचा, तो पूरे इलाके में वीर शहीद अमर रहे के नारे गूंज उठे। सेना के कर्नल योगेंद्र और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 10 वर्षीय छोटे बेटे नयन ने बरारी गंगा घाट पर अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस दृश्य को देख वहां मौजूद हर आंख नम हो गई।
परिवार की सरकार से मांग
नीरज कुमार साल 2009 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। जवान की पत्नी निशा और बुजुर्ग मां गीता देवी ने सरकार से मांग की है कि परिवार के भरण-पोषण के लिए पत्नी को सरकारी नौकरी और बच्चों की उच्च शिक्षा की समुचित व्यवस्था की जाए। मौके पर स्थानीय विधायक मिथुन कुमार यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

