भागलपुर। जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बघमारा गांव में शुक्रवार की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शादी समारोह के दौरान बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में घर के बाहर खड़ा होकर बारात देख रहा 15 वर्षीय किशोर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है।
डीजे की धुन के बीच चली गोली
जानकारी के अनुसार, गांव के अरविंद यादव के पुत्र राहुल कुमार की शादी थी और बारात गोराडीह जाने की तैयारी में थी। गांव में जश्न का माहौल था और लोग डीजे पर थिरक रहे थे। तनिकलाल यादव का पुत्र सन्नी कुमार (15 वर्ष) भी अन्य ग्रामीणों के साथ अपने घर के पास खड़ा होकर बारात देख रहा था। इसी दौरान गांव का ही इंद्रदेव यादव वहां पहुंचा और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
पैर में लगी बुलेट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इंद्रदेव यादव द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली सीधे सन्नी के दाहिने पैर में जा लगी। गोली लगते ही किशोर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजनों ने उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल (JLNMCH) में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई और इलाके में तनाव
घटना के बाद से बघमारा गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही लोदीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


