भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के अजमेरीपुर बैरिया गांव में बुधवार शाम गैस सिलेंडर में आग लगने से दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस घटना में लगभग पांच लाख रुपये नकद समेत लाखों का सामान नष्ट हो गया। हालांकि, समय रहते सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

आग लगने का कारण

आग सबसे पहले अमित मंडल के घर में भड़की। अमित मंडल की पत्नी संजू देवी ने बताया कि आज ही नया सिलेंडर भरवाया गया था। खाना बनाने के दौरान सिलेंडर से गैस लीक होने लगी और देखते ही देखते आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में घर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। लपटें पड़ोसी कांतलाल मंडल के घर तक फैल गईं।
इस दौरान एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर जलते सिलेंडर को बाहर निकाला। इस साहसिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टला, हालांकि युवक मामूली रूप से झुलस गया।

ग्रामीणों और दमकल की मदद

आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुटकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। साथ ही अग्निशमन विभाग को तुरंत सूचित किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों घर पूरी तरह जल चुके थे।
कांतलाल मंडल के घर में रखा पांच लाख रुपये नकद जलकर राख हो गया। पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि यह रकम कर्ज चुकाने के लिए जमा की गई थी। आग ने उनके अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन और जरूरी कागजात समेत घर का सारा सामान नष्ट कर दिया।