भागलपुर। जिले के नाथनगर थाना अंतर्गत रसीदपुर भिट गांव में मामूली विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। दो गुटों के बीच हुई इस झड़प में जमकर तलवारें चलीं, जिससे एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में विलाश मंडल, सदानंद मंडल और सुखराज कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। सभी का उपचार जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) में चल रहा है।
अंधविश्वास बना हिंसा की वजह
पीड़ित विलाश मंडल के अनुसार, विवाद की जड़ अंधविश्वास से जुड़ी है। आरोप है कि पाटीदार परिवार की एक महिला ने उनके घर के मुख्य द्वार पर तंत्र-मंत्र के इरादे से फूल और अरवा चावल फेंक दिए थे। जब विलाश के परिवार ने इस पर आपत्ति जताई, तो मामला गरमा गया। देखते ही देखते आरोपी शंकर मंडल, बीरेंद्र और राहुल कुमार तलवारों के साथ आए और परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी
वारदात की सूचना मिलते ही नाथनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सिटी डीएसपी-टू राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और घटनास्थल से दो तलवारें बरामद की गई हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और लिखित शिकायत के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


