भागलपुर। जिले में एसटीएफ ने अवैध हथियारों के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। कोलकाता और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के रहमतबाग में छापेमारी कर एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा काला कारोबार हैंडलूम (हथकरघा) उद्योग की आड़ में फल-फूल रहा था।

​हैंडलूम के शोर में छिपती थी हथियारों की गूंज

​यह फैक्ट्री नासिर नामक व्यक्ति के मकान में पिछले छह महीने से किराए पर चल रही थी। स्थानीय लोगों को गुमराह करने के लिए आरोपी हैंडलूम मशीनों का संचालन करते थे, ताकि हथियारों को तराशने के दौरान होने वाली आवाजें बुनाई के शोर में दब जाएं। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद किए हैं।

​कोलकाता से जुड़े थे गिरोह के तार

​इस कार्रवाई की नींव कोलकाता में हुई कुछ गिरफ्तारियों के बाद पड़ी। वहां पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर ही भागलपुर में दबिश दी गई। सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इस ऑपरेशन में भागलपुर डीआईयू और स्थानीय थानों की फोर्स शामिल थी। अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

​नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

​पुलिस अब इस गिरोह के ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड’ लिंक्स की जांच कर रही है। आशंका है कि यह नेटवर्क बिहार और बंगाल के कई जिलों में हथियारों की सप्लाई करता था। पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बरामदगी और गिरफ्तारियों का विस्तृत विवरण साझा करेगी।