अतीश दीपंकर/भागलपुर। जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। शहर के सहनी टोला इलाके में एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया है।
बगीचे में दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब 9 साल की मासूम बच्ची अपने घर के समीप स्थित एक बगीचे की ओर गई थी। आरोप है कि वहीं मौजूद एक नाबालिग लड़के ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची ने जब परिजनों को आपबीती सुनाई, तो इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की माता ने तत्काल कहलगांव थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान और मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी का बयान
इस संबंध में जानकारी देते हुए कहलगांव थाना प्रभारी श्यामला कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। उन्होंने कहा, आरोपी नाबालिग लड़के को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और कानून के मुताबिक आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है, वहीं पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कदम उठाने का भरोसा दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

