भागलपुर। जिले के मायागंज स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्रा की मां ने अपनी मांगों को लेकर भारी हंगामा किया। इस मामले में कॉलेज प्रशासन की शिकायत पर बरारी थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
विशेष कमरे की मांग पर बढ़ा विवाद
विवाद की शुरुआत 2025 बैच की प्रथम वर्ष की छात्रा श्वेता कुमारी की मां द्वारा हॉस्टल में खुद के रहने के लिए स्पेशल कमरे की मांग से हुई। कॉलेज की प्राचार्य रिंपी दुगड़ के अनुसार, छात्रा की मां पिछले तीन दिनों से इस मांग को लेकर दबाव बना रही थी। नियमों का हवाला देते हुए जब प्रबंधन ने इनकार किया, तो विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
सुरक्षा गार्ड और वार्डन के साथ बदसलूकी
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर महिला ने सुरक्षा गार्ड के साथ अभद्रता की। जब हॉस्टल वार्डन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो महिला ने उनके साथ भी हाथापाई की और उन्हें चप्पल से पीटा। वार्डन ने स्पष्ट किया कि नियमों के तहत अभिभावकों को हॉस्टल के अंदर रहने या घूमने की अनुमति नहीं है; वे केवल वेटिंग रूम में ही मिल सकते हैं।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
हंगामा बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। महिला होने के नाते पुलिस के आने तक कॉलेज में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। अस्पताल अधीक्षक के निर्देश पर कॉलेज प्रशासन ने देर रात महिला के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। अस्पताल प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का भी गठन किया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

