भागलपुर। जिले में नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक 17 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। घटना रविवार रात बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर स्थित विंध्यवासिनी लॉज की है। छात्रा की पहचान अररिया निवासी सृष्टि सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से छात्रा का मोबाइल फोन मिला है, जिससे उसकी मौत से ठीक पहले की गई बातचीत के अहम सुराग मिले हैं।

​शिफ्टिंग के महज 3 घंटे बाद उठाया आत्मघाती कदम

​सृष्टि पहले एसएम कॉलेज रोड स्थित एक अन्य हॉस्टल में रहती थी, लेकिन वहां मरम्मत कार्य के कारण उसे कमरा खाली करना पड़ा। रविवार दोपहर करीब 4:00 बजे वह अपने पिता मनीष कुमार सिंह, मां और मौसेरे भाई अंकुश के साथ नए लॉज में शिफ्ट हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में वह अपने परिवार के साथ लॉबी में बैठी काफी सहज दिख रही थी। परिजनों के जाने के मात्र 3 घंटे के भीतर ही उसने कमरे में पंखे से लटककर अपनी जान दे दी।

​वीडियो कॉल और व्हाट्सएप चैट से खुला राज

​पुलिस जांच में सामने आया है कि सुसाइड से ठीक पहले सृष्टि ने एक युवक से व्हाट्सएप पर लंबी चैट की थी और उसे वीडियो कॉल भी किया था। पुलिस ने वह चैट और कॉल हिस्ट्री बरामद कर ली है। माना जा रहा है कि इस बातचीत के दौरान ही कुछ ऐसा हुआ जिससे वह टूट गई। पुलिस अब उस युवक की पहचान करने और उससे पूछताछ करने की तैयारी में है।

​भाई की मौजूदगी में टूटा दरवाजा

​परिजनों के निकलने के बाद जब पड़ोस की छात्राओं ने सृष्टि का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो हॉस्टल में हड़कंप मच गया। संचालक जवाहर प्रसाद ने तुरंत बरारी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सृष्टि के मौसेरे भाई अंकुश की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा, जहां वह दुपट्टे के फंदे से लटकी पाई गई। उस वक्त उसके माता-पिता रास्ते में ही थे, जिन्हें जलालगढ़ पहुंचते ही बेटी की मौत की खबर मिली।

जांच के दायरे में प्रेम प्रसंग

​बरारी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग या किसी निजी विवाद से जुड़ा लग रहा है। मोबाइल डेटा की गहनता से जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या की असली वजह स्पष्ट हो सके।