अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले में एक युवक को सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करना भारी पड़ गया है। पुलिस ने इंस्टाग्राम पर हथियार लहराने का वीडियो पोस्ट करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार सुलतानगंज थाना को सूचना मिली थी कि एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियार लहराते हुए का वीडियो अपलोड किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को लेते हुए वायरल वीडियो का सत्यापन कराया और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान परदेसी रविदास, पिता संजय रविदास, निवासी मिरहट्टी, थाना सुलतानगंज, जिला भागलपुर के रूप में हुई है। उसके घर से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- बिहार के सुपौल में दर्दनाक हादसा: देर रात घर में लगी भीषण आग, मां और मासूम बेटी की जिंदा जलकर मौत