भागलपुर। पुलिस ने इशाकचक थाना क्षेत्र के बरहेपुरा उत्तर टोला में छापेमारी कर नशीली कफ सिरप की एक बड़ी खेप बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 20 कार्टन कफ सिरप जब्त किए हैं। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को भी हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।
पुलिस को देखकर भागने लगा तस्कर
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देखा कि एक युवक मकान से थैला लेकर निकल रहा था। पुलिस की गाड़ी देखते ही वह बैग फेंककर भागने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास और मकान के भीतर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। बरामदगी इतनी अधिक थी कि सामान थाने ले जाने के लिए पुलिस को पिकअप वैन बुलानी पड़ी।
6 साल से चल रहा था संदिग्ध नेटवर्क
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया युवक मूल रूप से तातारपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसने लगभग 6 साल पहले बरहेपुरा में मकान बनाया था। पहले उसने घर किराए पर दे रखा था, लेकिन हाल ही में किराएदारों को हटाकर खुद वहां रहने लगा था। चर्चा है कि इसी मकान की आड़ में लंबे समय से अवैध नशे का कारोबार फल-फूल रहा था।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल इशाकचक थाना पुलिस बरामद बोतलों की गिनती और कागजी कार्रवाई में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और सप्लाई की मुख्य चेन क्या है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

