भागलपुर। नवगछिया के खरिक थाना क्षेत्र स्थित बगड़ी पुल (दयाललपुर मोड़) के पास मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बस, पिकअप वैन और ई-रिक्शा के बीच हुई इस त्रिकोणीय भिड़ंत में पति-पत्नी और एक मासूम बच्चे समेत कुल 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 11 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें से 2 की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पटना (PMCH) रेफर किया गया है।
ओवरटेकिंग के चक्कर में हुआ हादसा
चश्मदीदों के अनुसार, खगड़िया से नवगछिया की ओर जा रही एक बस ने तेज रफ्तार में ऑटो को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बस की सामने से आ रही पिकअप वैन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ने पास के ई-रिक्शा (टोटो) को भी अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस की रफ्तार 100 किमी/घंटा से अधिक थी।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में सुनील दास (40) और उनकी पत्नी पूर्मी देवी (35) निवासी इस्माइलपुर, अरविंद मंडल (40) निवासी कटिहार और 6 वर्षीय मासूम कुणाल कुमार (खगड़िया) शामिल हैं। ई-रिक्शा पर सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पिकअप पर सवार एक मजदूर की मौत इलाज के दौरान हुई।
ग्राउंड जीरो का मंजर
हादसे के बाद सड़क पर लाशें और खून बिखरा था। पिकअप में सवार 15 मजदूर सड़क पर जा गिरे। मौके पर बिखरी बच्चों की चप्पलें और क्षतिग्रस्त वाहनों के मलबे हादसे की भयावहता बयां कर रहे थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


