भागलपुर‌। शहर के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक बेलगाम रफ्तार से आ रहे हाईवा ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में पिता की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पुत्र को मामूली चोटें आई हैं।

​इलाज कराकर घर वापसी के दौरान हुआ हादसा

​मृतक की पहचान नवगछिया पुलिस जिला के झंडापुर थाना क्षेत्र स्थित ओलियाबाद गांव निवासी विनोद सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विनोद सिंह लंबे समय से हर्निया और पथरी की बीमारी से जूझ रहे थे। वे अपने बेटे सुशील सिंह के साथ भागलपुर में डॉक्टर से परामर्श लेने और इलाज कराने आए थे। देर रात जब दोनों पिता-पुत्र बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी काल बने तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

​पुलिस ने वाहन को किया जब्त

​टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विनोद सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार होने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी बिट्टू कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
​इस घटना के बाद से मृतक के गांव ओलियाबाद में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।