भागलपुर। रसूलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह स्कूल जा रहे एक ही परिवार के तीन बच्चों का अपहरण कर लिया गया। हालांकि, बच्चों की बहादुरी और सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई। करीब 5 घंटे तक बदमाशों की कैद में रहने के बाद तीनों बच्चे वहां से भाग निकलने में सफल रहे और सुरक्षित घर पहुंच गए।
पाउडर छिड़ककर किया बेहोश
पीड़ित बच्चों ने बताया कि वे गुरुवार सुबह करीब 7 बजे स्कूल के लिए निकले थे। घर से मात्र 1 किलोमीटर दूर बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा करना शुरू किया और फिर जबरन एक स्कॉर्पियो में बैठा लिया। बच्चों के मुताबिक, अपहरणकर्ताओं ने उनके चेहरे पर कोई नशीला पाउडर छिड़क दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। उन्हें खाने के लिए बिस्कुट भी दिए गए थे, जिसे बच्चों ने सावधानी बरतते हुए नहीं खाया।
पहले से मौजूद था एक और बच्चा
होश आने पर बच्चों ने खुद को रसूलपुर इलाके के एक कमरे में बंद पाया, जो उनके घर से लगभग 15 किलोमीटर दूर था। चौंकाने वाली बात यह है कि उस कमरे में एक चौथा बच्चा भी पहले से मौजूद था। जब अपराधियों की नजर उन पर नहीं थी, तब बच्चों ने हिम्मत दिखाई और कमरे का दरवाजा खोलकर वहां से भाग निकले। चौथा बच्चा कौन था और कहां गया, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद शुक्रवार को परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। बच्चों के पिता राजेश कुमार ने बताया कि स्कूल से फोन आने पर उन्हें बच्चों के गायब होने का पता चला था। स्थानीय महिला अर्चना देवी ने दावा किया है कि जिस कमरे में बच्चों को रखा गया था, वहां से पहले भी साहिबगंज और सबौर के बच्चे बरामद हो चुके हैं। थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संदिग्ध ठिकाने की तलाशी ली जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


